महाराष्ट्र के नासिक के ज्योतिष अशोक खरात का सेक्स स्कैंडल अभी गरम ही है। इस बीच नासिक में महिलाओं के यौन शोषण से जुड़ी एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इसमें 100 से अधिक महिलाओं के करीब 200 वीडियो पुलिस के हाथ लगे हैं। इसी कारण नासिक में इसे ‘खरात पार्ट-2’ कहा जा रहा है।
नासिक के सातपुर इलाके में व्यवसायी रविंद्र एरंडे की ऑफिस से एक टैब चोरी हो गया था। इसके बाद उसे एक कॉल आया, जिसमें टैब में मौजूद वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। रविंद्र एरंडे ने 12 लाख रुपये की फिरौती मांगे जाने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जाल बिछाकर 10 हजार रुपये देते समय चार ब्लैकमेलरों को गिरफ्तार कर लिया।
लेकिन इसके बाद जो सामने आया, उसने पुलिस को भी हिला कर रख दिया। जांच में शिकायतकर्ता रविंद्र एरंडे के ही महिलाओं के साथ लगभग 200 वीडियो पुलिस के हाथ लगे और शिकायतकर्ता ही मुख्य आरोपी बन गया। दरअसल, एरंडे के नौकर आकाश बकरे ने ही टैब चुराया था और उसमें मौजूद वीडियो के जरिए पैसे वसूलने की योजना बनाई थी। लेकिन रविंद्र एरंडे द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद ब्लैकमेलर तो पकड़े ही गए, साथ ही रविंद्र एरंडे का भी पूरा कच्चा चिट्ठा सामने आ गया।
इस मामले में अब और पीड़ित महिलाओं के सामने आने की संभावना है, इसके लिए पुलिस ने अपील भी की है। नासिक और इगतपुरी के कुछ होटलों में गुप्त रूप से ये वीडियो बनाए जाने का शक है। आरोपी के अलग-अलग महिलाओं के साथ कई वीडियो मिले हैं। इन वीडियो को ब्लू फिल्म माफिया को बेचा गया था या नहीं, इस एंगल से भी पुलिस जांच कर रही है।
पीड़ित महिलाओं में आंगनवाड़ी सेविकाएं, आशा वर्कर, कंपनी में काम करने वाली महिलाएं और घरेलू कामगार शामिल हैं। आशंका है कि उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर या लालच देकर उनके साथ ये अत्याचार किए गए।
रविंद्र एरंडे को गिरफ्तार कर 2 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है और आगे की जांच में और भी चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना है।
