अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे पर किसान की जमीन हड़पने का आरोप

सोनाली बेंद्रे और गोल्डी बहल 

महाराष्ट्र के मावल तालुका के उकसान गांव के किसान चंद्रकांत बालू शिंदे ने फिल्म अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे और उनके पति गोल्डी बहल के खिलाफ वडगांव मावल के सिविल कोर्ट में दावा दायर किया है। चंद्रकांत शिंदे (50) का आरोप है कि सोनाली बेंद्रे ने फर्जी कागजात के जरिये उनकी 30 गुंठा जमीन खरीद ली जबकि उनकी उक्त जमीन पुश्तैनी ‘कुल हक’ की है।

चंद्रकांत शिंदे के वकील वनराज शिंदे का कहना है कि पहले उन्होंने सोनाली बेंद्रे और गोल्डी बहल के खिलाफ पुलिस में शिकायत की थी और अब सिविल कोर्ट में पिटीशन फाइल की है। वनराज शिंदे का यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित जमीन पर अवैध निर्माण की कोशिश की गई और परिवार को धमकाया गया।

चंद्रकांत शिंदे परिवार साल 1940 से इस जमीन पर ‘संरक्षित किरायेदार’ के रूप में खेती करता आ रहा है। 1980 के दशक में बिना किसी नोटिस के उनका नाम राजस्व रिकॉर्ड से हटा दिया गया। याचिका के अनुसार, 2012 में मूल मालिकों ने यह जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेची और मार्च 2021 में इसका एक हिस्सा गोल्डी बहल को बेच दिया गया। चंद्रकांत शिंदे ने इन दोनों लेन-देन को अवैध और निरस्त बताया है। उनका दावा है कि उनके किरायेदारी अधिकार कभी खत्म नहीं हुए।

14 दिसंबर 2025 को सोनाली बेंद्रे और गोल्डी बहल मजदूरों और भारी मशीनरी के साथ जमीन पर पहुंचे और बिना अनुमति के निर्माण शुरू किया। जब चंद्रकांत शिंदे की मां कमलबाई शिंदे (75) ने इसका विरोध किया तो उन्हें धमकाया गया। चंद्रकांत शिंदे के अनुसार, मौके पर मौजूद पुलिस ने उल्टा उनके परिवार को ही चेतावनी दी कि अगर उन्होंने इस जोड़ी को परेशान किया तो उन पर चोरी के झूठे मामले दर्ज कर दिए जाएंगे।

फिलहाल कोर्ट में रोक (मनाई) आदेश की मांग की गई है और इसकी सुनवाई 20 अप्रैल को होने वाली है।

Leave a Comment