सांकेतिक तस्वीर
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पड़ोसियों ने दूल्हा-दुल्हन की इसलिए पिटाई कर दी कि शादी के बाद उन्होंने शराब पिलाने से इन्कार कर दिया। बीच बचाव करने आये मेहमानों को भी पीटा और घरेलू सामान भी लूट ले गए।
ग्वालियर देहात के आरोन थाना क्षेत्र के पटाई गांव निवासी महेश जाटव की 30 मार्च को शादी हुई थी। शादी के बाद महेश अपनी दुल्हन को लेकर गांव पहुंचा था। रात के समय परिवार और मेहमान भोजन कर रहे थे, तभी गांव के ही मनोज जाटव, हरनाम, भीम, नवल किशोर जाटव, नबलों, भीम, शरबती, पूजा और भूरी वहां पहुंचे। उन्होंने शादी की खुशी में शराब पीने के लिए रुपए की मांग की। जब महेश के परिवार ने शराब के लिए पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने मारपीट की। बीच-बचाव करने आई दूल्हे की मां शीला जाटव और अन्य परिजनों के साथ-साथ दुल्हन की भी पिटाई कर दी गई। वे घर में रखा सामान और कुछ नकदी रुपए भी लूट ले गए।
दूल्हे की मां शीला जाटव ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि पटाई गांव में शादी वाले परिवार और पड़ोसियों के बीच शराब के पैसे को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। दोनों तरफ से आवेदन मिले हैं, घायलों का मेडिकल कराया गया है और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी मारपीट के वक्त भी शराब के नशे में थे।
