दक्षिण मुंबई की कफ परेड पुलिस ने बॉम्बे हाई कोर्ट के एक जज को ठगने वाले झारखंड के जामताड़ा से मजहर आलम इसराइल मियां को गिरफ्तार किया है। मजहर आलम इसराइल मियां कोई छोटा-मोटा ठग नहीं, बल्कि देश के करीब 10 राज्यों में दर्ज कम से कम 36 साइबर ठगी के मामलों से जुड़ा हुआ है।
घटना 28 फरवरी 2026 को हुई। बॉम्बे हाई कोर्ट के एक जज अपने क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट्स रिडीम करना चाहते थे। उन्होंने बैंक के कस्टमर केयर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन नंबर व्यस्त मिला। इसके बाद उन्होंने इंटरनेट पर कस्टमर केयर नंबर सर्च किया, जो असल में ठगों की ओर से डाला गया फर्जी नंबर था। जैसे ही उन्होंने उस नंबर पर कॉल किया, दूसरी तरफ से खुद को कस्टमर केयर अधिकारी बताने वाले ठग ने उनसे बात की और एक लिंक भेजा। इस लिंक के जरिए 18MB का एक ऐप डाउनलोड करने को कहा गया। जब यह ऐप उनके iPhone पर नहीं चला, तो ठग ने उन्हें Android फोन इस्तेमाल करने की सलाह दी।
जज ने ठग की बातों पर भरोसा करते हुए अपना सिम कार्ड घर में काम करने वाली महिला के Android फोन में डाला और वही ऐप डाउनलोड कर लिया। इसके बाद जैसे ही उन्होंने ऐप में अपने क्रेडिट कार्ड की डिटेल्स डालीं, कुछ ही देर में उनके खाते से करीब 6.02 लाख रुपये निकाल लिए गए। जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने कफ परेड पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज करा दी।
कफ परेड पुलिस ने जामताड़ा साइबर सेल और करमाटांड़ पुलिस की मदद से करीब 10 दिन की मेहनत के बाद मजहर आलम इसराइल मियां (25) को जामताड़ा से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के साइबर फ्रॉड में ठग पहले फर्जी कस्टमर केयर नंबर इंटरनेट पर डालते हैं और फिर लोगों को APK फाइल या ऐप डाउनलोड करवाकर उनके बैंकिंग और कार्ड डिटेल्स हासिल कर लेते हैं।
