बॉम्बे यूनिवर्सिटी ने बांद्रा के आर.डी. नेशनल कॉलेज में प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में एक कर्मचारी को बर्खास्त कर दिया है और तीन अन्य को नोटिस जारी किए हैं। एफआईआर भी दर्ज कराई है। यह कार्रवाई 11 से 15 अप्रैल के बीच बीकॉम परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के बाद की गई।
मुंबई (बांद्रा) के आर.डी. नेशनल कॉलेज (R.D. National College) में बी.कॉम (B.Com) सेमेस्टर-6 की परीक्षा का पेपर लीक होने के मामले में मुंबई यूनिवर्सिटी ने बड़ी कार्रवाई की है। आरडी नेशनल कॉलेज में 11 से 15 अप्रैल 2026 के बीच बीकॉम (TY BCom Semester 6) के तीन प्रश्नपत्र – कॉस्ट अकाउंटिंग, बिजनेस इकोनॉमिक्स और टैक्सेशन – लीक होने के बाद FIR दर्ज की गई है। मुंबई यूनिवर्सिटी ने एक कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त (Sacked) कर दिया है और तीन अन्य को कारण बताओ नोटिस (Show-cause notice) जारी किया है।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पेपर का एक्सेस कथित तौर पर यूनिवर्सिटी के ‘सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन’ (CDOE) के अस्थायी कर्मचारियों के पास था। 15 अप्रैल को ‘c’ पेपर 2 की परीक्षा के दौरान, एक फ्लाइंग स्क्वाड ने कॉलेज में 6 छात्रों को मोबाइल फोन के साथ पाया, जिसके बाद उनके फोन जब्त कर लिए गए।
विश्वविद्यालय अधिकारियों के अनुसार, अनुचित साधन समिति (Unfair Means Committee) और एक विशेष जांच पैनल ने मामले के उजागर होने के बाद कड़ी कार्रवाई की सिफारिश की। छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (ABVP) ने पहले ही सख्त कार्रवाई की मांग की थी और कहा था कि शुरुआती कदम केवल छह छात्रों तक सीमित थे। वहीं युवा सेना (UBT) के नेताओं, जिनमें प्रदीप सावंत शामिल हैं, ने बुधवार को प्रो-वाइस चांसलर से मुलाकात कर पुलिस मामला दर्ज करने की मांग की। इसके बाद बीकेसी पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई।
विश्वविद्यालय पहले भी ऐसे मामलों का सामना कर चुका है। साल 2012 में इंजीनियरिंग पेपर लीक मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि 2023 में एक लैब असिस्टेंट को गिरफ्तार किया गया और संबंधित भिवंडी कॉलेज को दो साल के लिए परीक्षा केंद्र बनने से प्रतिबंधित कर दिया गया था।
