उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में एक मदरसे के अंदर पाकिस्तान में बना (‘मेड इन पाकिस्तान’) पंखा मिलने के बाद से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इस आरोप में मदरसा प्रबंधक को हिरासत में ले लिया है।
ये मामला कुशीनगर में थाना विशुनपुरा क्षेत्र के जंगल विशुनपुरा स्थित मदरसा कादरिया हकीकतूल उलूम का है। बताया जा रहा है कि इस मदरसे में लगा पंखा ख़राब हो गया था, जिसके बाद मदरसे को मौलवी इसे रिपेयरिंग के लिए दुकानदार के पास ले गया। जब मैकेनिक ने पंखे को ठीक करना शुरू किया तो उसने देखा कि पंखे पर ‘मेड इन पाकिस्तान’ लिखा है। कुछ युवकों ने पंखे की फोटो लेकर स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दे दी।
थानाध्यक्ष विनय मिश्र ने मदरसे में पहुंच जांच पड़ताल की। मदरसे के प्रबंधक यूनुस अंसारी ने बताया कि मदरसा लोगों के सहयोग से संचालित होता है। गांव के समशुद्दीन का लड़का वाजिद राजगीर मिस्त्री है और वह दस वर्षाें से सउदी अरब में है।
सहयोग के रूप में उसने ही सउदी से यह पंखा कार्गाे कुरियर के जरिये भेजा था। मदरसे के प्रबंधक ने कार्गों कुरियर से आए पंखे की रसीद दिखाई है।
कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक (SP) केशव कुमार ने आधिकारिक बयान जारी किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस पूरे मामले का संज्ञान लिया है और गहन जांच की जा रही है।
