निदा खान को पनाह देनेवाला AIMIM नगरसेवक मतीन पटेल गिरफ्तार

मतीन पटेल-निदा खान

महाराष्ट्र के नासिक के टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) में यौन उत्पीड़न और जबरन धर्मांतरण केस की मुख्य आरोपी निदा खान को पनाह देने के आरोप में पुलिस ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) पार्टी के नगरसेवक मतीन पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। मतीन पटेल ने निदा खान, निदा खान के पिता एजाज बशीर (52), मां नीलोफर एजाज (44), भाई मोहम्मद एजाज (20) और उनकी रिश्तेदार नूरजहां शेख अली (44) को भी छत्रपति संभाजीनगर में पनाह दी थी।

नासिक के पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक ने मीडिया को बताया कि निदा खान को छत्रपति संभाजीनगर के नारेगांव इलाके के कौसर पार्क से गिरफ्तार किया गया था। छत्रपति संभाजीनगर के पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार और उनकी टीम ने निदा खान की गिरफ़्तारी में नासिक पुलिस की मदद की। प्रवीण पवार ने मतीन पटेल और कुछ अन्य लोगों को नगर निकाय चुनावों के दौरान उन्हें प्रदान की गई सुरक्षा के शुल्कों की समीक्षा करने के बहाने बुलाया और गिरफ्तार कर लिया।

बता दें कि मतीन पटेल ने जिस घर में निदा खान को छिपाकर रखा था, वह अवैध है और अतिक्रमण कर बनाया गया है। महापालिका प्रशासन ने वहां नोटिस चस्पा कर बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। महापालिका प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यदि तीन दिनों के भीतर इस निर्माण को लेकर कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया, तो प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जाएगी और घर को जमींदोज कर दिया जाएगा।

इतना ही नहीं महापालिका प्रशासन ने नारेगांव इलाके में स्थित उनके दूसरे रिहायशी मकान और उनके कार्यालय को भी जांच के दायरे में लिया है। इन दोनों संपत्तियों को लेकर भी नोटिस जारी किया गया है।

Leave a Comment