शादी का झांसा देकर विकलांग से 35 लाख रुपये की ठगी करने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार

 

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण की महात्मा फुले चौक पुलिस ने एक विकलांग व्यक्ति की शादी कराने का झांसा देकर 35 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। महिलाओं ने विकलांग व्यक्ति को चार वर्षों तक फर्जी रिश्ते में फंसाये रखा। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान जयश्री पाटिल (40) और रोमा परदेशी (30) के रूप में हुई है। विकलांग व्यक्ति (40) मोबाइल की दुकान चलाता है।

पुलिस के मुताबिक विकलांग व्यक्ति अपने लिए जीवनसाथी की तलाश में था। चार साल पहले जयश्री पाटिल ने सोशल मीडिया पर उससे संपर्क किया और बाद में रोमा परदेशी से उसकी पहचान कराई। जयश्री पाटिल ने दावा किया कि रोमा परदेशी उससे विवाह करना चाहती है। शादी का बहाना बनाकर रोमा परदेशी विकलांग व्यक्ति के साथ मॉल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर घूमती रही। साथ ही दोनों महिलाएं विभिन्न कारणों का हवाला देकर उससे लगातार पैसे मांगती रहीं।

पुलिस ने बताया कि पिछले चार वर्षों में जयश्री पाटिल और रोमा परदेशी ने शॉपिंग और अन्य काम के बहाने विकलांग व्यक्ति से लगभग 35 लाख रुपये ऐंठ लिए। विकलांग व्यक्ति को तब शक हुआ जब रोमा परदेशी ने उसके फोन कॉल उठाने बंद कर दिए। बाद में जयश्री पाटिल भी संपर्क से बाहर हो गई। इसके बाद पीड़ित ने महात्मा फुले चौक पुलिस स्टेशन में जयश्री पाटिल और रोमा परदेशी के खिलाफ FIR दर्ज करा दी।

महात्मा फुले चौक पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बलिरामसिंह परदेशी के अनुसार- विकलांग व्यक्ति ने रोमा परदेशी से शादी करने की मांग की, लेकिन उसने इन्कार कर दिया। तब उसे एहसास हुआ कि उसके साथ धोखा हुआ है और उससे पैसे ठगे गए हैं। पुलिस ने पहले जयश्री पाटिल को कोल्हापुर से गिरफ्तार किया और बाद में रोमा परदेशी को उसके मुंबई स्थित आवास से पकड़ा।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी महिलाएं पहले से विवाहित हैं। बलिरामसिंह परदेशी ने कहा- हम आगे की जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने केवल कल्याण के इस पीड़ित को ठगा है या फिर वे इसी तरह के अपराधों में शामिल किसी बड़े गिरोह का हिस्सा हैं।

Leave a Comment