मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने 56 वर्षीय एक व्यक्ति को सूरत से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने एक पोंजी (Ponzi) जैसी निवेश योजना के जरिए 42 निवेशकों से करीब 30 करोड़ रुपये की ठगी की। यह योजना एक मोबाइल ऐप के माध्यम से चलाई जा रही थी, जिसमें हर महीने 2% से 5% तक सुनिश्चित रिटर्न देने का लालच दिया जाता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहन भूषण सेठ के रूप में हुई है। वह कथित तौर पर ‘Investok’ नामक ऐप के जरिए अपने माटुंगा स्थित आवास से इस निवेश योजना का संचालन कर रहा था।
EOW के अनुसार, रोशन सेठ निवेशकों को शेयर बाजार में निवेश के नाम पर हर महीने 2% से 5% तक निश्चित मुनाफा मिलने का भरोसा देता था। उनका विश्वास जीतने के लिए उसने शुरुआती कुछ महीनों तक निवेशकों को तय रिटर्न भी दिया। इसके बाद उसने भुगतान बंद कर दिया, जिसके चलते पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की।
जांच अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 42 निवेशक सामने आए हैं। उनका आरोप है कि आरोपी ने उनसे सामूहिक रूप से करीब 30 करोड़ रुपये की ठगी की है।
अप्रैल में मामला दर्ज होने के बाद रोशन सेठ मुंबई से फरार हो गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपनी पहचान, हुलिया और ठिकाना बदलता रहा। आखिरकार पुलिस ने उसका पता लगाकर सूरत से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 1.65 करोड़ रुपये बरामद किए गए हैं।
EOW यह भी जांच कर रही है कि क्या इस ठगी का शिकार और भी निवेशक हुए हैं तथा बाकी रकम का पता लगाया जा रहा है।
