डोंबिवली अस्पताल मारपीट मामले में शिवसेना नगरसेवक रमेश म्हात्रे गिरफ्तार

 

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण-डोम्बिवली महापालिका (KDMC) द्वारा संचालित डोम्बिवली के शास्त्रीनगर अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों के साथ मारपीट के मामले में शिवसेना (शिंदे गुट) के नगरसेवक रमेश म्हात्रे को बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसी मामले में मंगलवार रात तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। सभी आरोपियों को कल्याण कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

परिमंडल-3 के पुलिस उपायुक्त (DCP) अतुल झेंडे ने मीडिया को बताया कि रमेश म्हात्रे को गिरफ्तार किया गया है। इस बाबत डोम्बिवली के विष्णुनगर पुलिस थाने में FIR दर्ज की गई है। इससे पहले सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) सुहास हेमाडे ने रमेश म्हात्रे के सहयोगियों अक्षय करांडे, राजेश पवार और प्रमोद निकम की गिरफ्तारी की पुष्टि की थी। सुहास हेमाडे ने बताया कि इन चारों आरोपियों पर मंगलवार रात ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के साथ कथित मारपीट करने का आरोप है।

FIR के अनुसार, विवाद उस समय शुरू हुआ जब सिजेरियन (सी-सेक्शन) से प्रसव कराने वाली एक महिला के परिजनों ने डॉक्टरों द्वारा नवजात शिशु को विशेष नवजात चिकित्सा सुविधा के लिए दूसरे अस्पताल रेफर करने पर आपत्ति जताई। शास्त्रीनगर अस्पताल में नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) उपलब्ध नहीं है, इसलिए डॉक्टरों ने बच्चे को दूसरे अस्पताल भेजने की सलाह दी थी।

अस्पताल प्रशासन का आरोप है कि इसके बाद रमेश म्हात्रे और उनके समर्थक अस्पताल परिसर में घुस आए तथा दो डॉक्टरों, दो नर्सों और दो महिला कर्मचारियों सहित चिकित्सा कर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पूरी घटना अस्पताल के CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।

हमले के विरोध में डॉक्टरों ने ओपीडी सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दीं, हालांकि आपातकालीन सेवाएं जारी रखीं। बुधवार को पूरे महाराष्ट्र प्रदेश में इसका विरोध हुआ था। निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने भी हड़ताल पर जाने की धमकी दी थी। लेकिन बुधवार सुबह पुलिस ने रमेश म्हात्रे को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Comment