मुंबई पुलिस ने दक्षिण मुंबई के क्रॉफर्ड मार्केट से पाकिस्तान में बने लगभग 12 लाख रुपये मूल्य के कॉस्मेटिक उत्पाद जब्त किए हैं। उत्पादों की बरामदगी के बाद पुलिस उपायुक्त (DCP) मनीष कलवानिया ने पुष्टि की कि इस मामले में माता रमाबाई आंबेडकर मार्ग (MRA) पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जब्ती की कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए DCP मनीष कलवानिया ने पत्रकारों से कहा- MRA मार्ग पुलिस स्टेशन की सीमा में मिली गोपनीय सूचना के आधार पर हमने क्रॉफर्ड मार्केट में छापा मारा। इस दौरान पहले करीब 4.5 लाख रुपये और बाद में 7.5 लाख रुपये के नकली सामान सहित कुल लगभग 12 लाख रुपये मूल्य के उत्पाद बरामद किए गए।
DCP मनीष कलवानिया ने बताया कि जब्त किए गए उत्पादों में ब्यूटी क्रीम, साबुन और सीरम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी उत्पादों पर ‘Made in Pakistan’ (मेड इन पाकिस्तान) का लेबल लगा हुआ था।
DCP मनीष कलवानिया ने आगे कहा कि इस आधार पर MRA मार्ग पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS-2023) की संबंधित धाराओं के साथ-साथ विदेश व्यापार अधिनियम और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस मामले में अमन बादशाह खान नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ अपने व्यापारिक संबंधों पर रोक लगा दी थी। इस आतंकी हमले में महाराष्ट्र के छह लोगों सहित लगभग 26 लोगों की मौत हुई थी।
बुधवार को MRA मार्ग पुलिस की क्राइम डिटेक्शन टीम ने प्रतिबंधित पाकिस्तानी कॉस्मेटिक उत्पाद बेचने वाली एक दुकान पर छापा मारा। इस दौरान दुकान मालिक 32 वर्षीय सद्दाम याकूब शेख को रंगेहाथों पकड़ा।
ये उत्पाद दक्षिण मुंबई के मुसाफिरखाना स्थित अनीश चैंबर्स में मौजूद ‘फरीन कलेक्शन’ नामक दुकान पर बेचे जा रहे थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 433 गोरी व्हाइटनिंग क्रीम, 240 ब्यूटी क्रीम, 312 योको हर्बल क्रीम, 264 व्हाइटनिंग मिल्क एक्सट्रैक्ट क्रीम, तथा ज़िया, अन्ना गोल्ड और फैज़ा ब्रांड के दर्जनों पाकिस्तानी साबुन और सीरम जब्त किए।
