मुंबई में छाता चोरी के दो FIR दर्ज

 

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के चारकोप में चोर नकदी या महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान को निशाना बनाने के बजाय स्थानीय दुकानों से बार-बार छाते चोरी कर रहे हैं। चोरी की ये घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद चारकोप पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शुरुआत में एक दुकानदार ने छाते चोरी होने की शिकायत मुंबई पुलिस से की थी। पुलिस को यह शिकायत असामान्य लगी और उस समय कोई मामला दर्ज नहीं किया। इसके बाद 16 जुलाई को इसी तरह की एक और घटना सामने आई। लगातार हो रही चोरियों के बाद एम्पल कलेक्शन के मालिक ने चारकोप पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने FIR दर्ज की।

FIR के मुताबिक, अज्ञात चोर एम्पल कलेक्शन की दुकान से सन कंपनी ब्रांड के 50 छाते चुरा ले गए। चोरी हुए छातों की कीमत करीब 15,000 रुपये बताई गई है। एक अन्य व्यापारी, सनी गिफ्ट सेंटर के मालिक ने भी इसी तरह की चोरी का शिकार होने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

अब पुलिस कई सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, जिनमें चोर अलग-अलग दुकानों से छाते चुराते हुए दिखाई दे रहे हैं। अब तक मिली जानकारी के अनुसार CCTV के कम से कम तीन अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं, जिनमें अज्ञात लोग इसी तरह की चोरी करते हुए नजर आ रहे हैं।

छाता चोरी के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं।

महाराष्ट्र के वाशिम जिले से सामने आई एक घटना ने भी सुर्खियां बटोरी थीं, जहां एक चोर साईं मंदिर में घुस गया था। चोरी करने से पहले आरोपी को साईं बाबा की पूजा करते हुए देखा गया था। पूरी घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई थी। पूजा करने के बाद चोर ने मंदिर की दानपेटी तोड़ दी और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गया।

Leave a Comment