हरिराम सिंह
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर में एक पत्नी ने अपने पति की इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उसने साड़ी लाने से इन्कार कर दिया था। पुलिस ने 30 वर्षीया पत्नी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। पति हरिराम सिंह विकलांग थे और बिस्तर पर ही रहते थे।
आरोपी का नाम सुनीता सिंह है। यह मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले की रहने वाली है। पुलिस के अनुसार सुनीता सिंह ने शुरुआत में मौत को हादसा बताकर पुलिस को गुमराह कर दिया था।
घटनाक्रम के अनुसार पीड़ित पति हरिराम किशुनजी सिंह (35) 19 जुलाई को बदलापुर (पूर्व), शिरगांव स्थित अपने घर पर था। सुनीता सिंह ने साड़ी की डिमांड की थी। आर्थिक परेशानी होने की बात कह हरिराम सिंह ने साड़ी लाने से इन्कार कर दिया। इस पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। गुस्से में सुनीता सिंह ने प्रेशर कुकर के ढक्कन से हरिराम सिंह पर हमला कर दिया। प्रेशर कुकर ढक्कन से जब वह नहीं मरा तो सुनीता देवी ने उसका गला भी दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद दंपत्ति का सात वर्षीय बेटा घर से निकलकर पड़ोसियों के पास चला गया। लड़ाई-झगड़े की बात उसने पड़ोसियों को बता दी।
सुनीता सिंह के बयान के आधार पर पुलिस ने शुरुआत में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज की थी, लेकिन सरकारी अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट के बाद मामले की विस्तृत जांच शुरू की गई।
बदलापुर (पूर्व) पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक नितिन पाटिल ने कहा- मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि मौत अप्राकृतिक थी और गला घोंटने के कारण दम घुटने से हुई थी। मृतक के परिवार के सदस्यों और मकान मालिक से पूछताछ के बाद पत्नी पर संदेह और गहरा गया। और उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया।
मंगलवार को स्थानीय अदालत ने सुनीता सिंह को 29 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
