कुलाबा के ‘ओलंपिया कॉफी हाउस’ का लाइसेंस सस्पेंड, फूड स्टोरेज एरिया में मिला यूरिनल, किचन में कॉकरोच-मक्खियों का प्रकोप

 

दक्षिण मुंबई के कुलाबा स्थित मशहूर ओलंपिया कॉफी हाउस के खिलाफ महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। FDA ने गुरुवार को प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित कर दिया। निरीक्षण के दौरान फूड स्टोरेज एरिया में यूरिनल, रसोई में कॉकरोच और मक्खियों का प्रकोप तथा फ्रिज में मांस और खून के अवशेष पाए गए।

FDA के मुताबिक ओलंपिया कॉफी हाउस में काम करने वाले 35 फूड हैंडलर्स में से 34 ने अनिवार्य फूड सेफ्टी ट्रेनिंग नहीं ली थी। इसके अलावा प्रतिष्ठान में पानी की जरूरी टेस्टिंग रिपोर्ट और स्वच्छता से संबंधित अनिवार्य रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे। FDA ने इन कमियों को खाद्य सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए लाइसेंस निलंबित कर दिया।

FDA की जांच में ओलंपिया कॉफी हाउस में कई गंभीर स्वच्छता उल्लंघन दर्ज किए गए। फूड स्टोरेज एरिया में यूरिनल मिलने के अलावा खाना बनाने और बर्तन धोने की व्यवस्था भी अस्वच्छ पाई गई। निरीक्षण के दौरान फर्श पर सीधे खाद्य पदार्थों को संभालना, गंदे पानी का इस्तेमाल और शाकाहारी तथा मांसाहारी कच्चे खाद्य पदार्थों को उचित तरीके से अलग नहीं रखना जैसी कमियां भी सामने आईं।

इसके अलावा क्षतिग्रस्त लकड़ी के चॉपिंग बोर्ड इस्तेमाल किए जा रहे थे और फूड हैंडलर्स सुरक्षात्मक कपड़ों के बिना काम करते पाए गए। FDA ने यह भी पाया कि 35 फूड हैंडलर्स में से 34 ने अनिवार्य फूड सेफ्टी ट्रेनिंग नहीं ली थी।

प्रतिष्ठान के पास पानी की टेस्टिंग रिपोर्ट और सैनिटेशन से जुड़े अनिवार्य रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे।

एक ग्राहक की शिकायत के आधार पर FDA ने मुंबई सेंट्रल स्थित बीवाईएल नायर अस्पताल की कैंटीन के खिलाफ भी तत्काल कार्रवाई करते हुए उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया।

FDA के अनुसार, ओलंपिया कॉफी हाउस और नायर अस्पताल की कैंटीन समेत राज्यभर में 27 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इन निरीक्षणों के बाद कुल 14 फूड प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए।

कार्रवाई की जद में चेंबूर का ब्लिंकिट स्टोर, घाटकोपर के विश्वास स्वीट्स और ए-1 जनरल एंड ड्राई फ्रूट्स, वरली का मिलन पंजाब, मलाड का सदगुरु स्वीट्स और खारघर की एक यूनिट भी शामिल हैं। पुणे और नागपुर में भी कई रेस्तरां और खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

त्योहारी सीजन को देखते हुए FDA की ओर से राज्यभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 2,813 किलो दूध और डेयरी उत्पाद जब्त किए गए हैं। जब्त किए गए इन उत्पादों की कुल कीमत करीब 7.38 लाख रुपये बताई गई है। इनमें खोया, मावा और पनीर शामिल हैं।

FDA की कार्रवाई के दौरान ठाणे और मीरा रोड में गुजरात से लाए जा रहे 2,300 किलो से अधिक घटिया मावा को भी जब्त किया गया।

वहीं, नागपुर में प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू ले जा रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12.10 लाख रुपये का माल जब्त किया गया। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Leave a Comment