दाऊद ने नहीं बुलाया था…’ मन्दाकिनी

 

राज कपूर की फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली’ से रातोंरात सुर्खियों में आईं अभिनेत्री मंदाकिनी एक बार फिर चर्चा में हैं। वजह है 1994 की वह चर्चित तस्वीर, जिसमें वह अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के साथ दुबई के शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में भारत-पाकिस्तान का मैच देखती नजर आई थीं। उस तस्वीर के सामने आने के बाद मंदाकिनी और दाऊद के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की खबरें सामने आई थीं। अब करीब तीन दशक बाद मंदाकिनी ने इस तस्वीर को लेकर अपनी सफाई दी है।

एक बड़ी समाचार एजेंसी से बातचीत में मंदाकिनी ने साफ कहा कि वह दाऊद इब्राहिम के बुलावे पर दुबई नहीं गई थीं। उनके मुताबिक, वह एक शो के सिलसिले में दुबई गई थीं और इसी दौरान क्रिकेट मैच देखने पहुंचीं।

मंदाकिनी ने बताया कि स्टेडियम में जिस जगह वह बैठी थीं, उनके बगल में दाऊद इब्राहिम बैठा हुआ था। उन्होंने कहा कि एक कलाकार के तौर पर रोजाना कई लोगों से मुलाकात होती है और हर व्यक्ति के बारे में यह तय करना संभव नहीं होता कि किसके साथ तस्वीर खिंचवानी है और किसके साथ नहीं।

मंदाकिनी ने कहा कि कलाकार के तौर पर वह कई तरह के लोगों से मिलती हैं। उन्होंने कहा, “हम एक शो के लिए वहां गए थे। मुझे दाऊद ने वहां नहीं बुलाया था।”

उन्होंने यह भी कहा कि लोग उनके बारे में क्या लिखते या बोलते हैं, उस पर उनका नियंत्रण नहीं है।

1993 के मुंबई धमाकों के बाद दाऊद इब्राहिम के दुबई में होने की खबरें सामने आई थीं। इसके अगले साल यानी 1994 में मंदाकिनी और दाऊद की साथ वाली तस्वीर सामने आने के बाद देशभर में चर्चा तेज हो गई थी। दोनों के कथित रिश्ते को लेकर भी खबरें चली थीं। रिपोर्टों के मुताबिक, इस मामले में पुलिस ने मंदाकिनी से पूछताछ भी की थी।

मंदाकिनी ने 1985 में रिलीज हुई राज कपूर की फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। फिल्म के कुछ बोल्ड दृश्यों ने उन्हें रातोंरात चर्चित बना दिया था। मंदाकिनी ने पूर्व बौद्ध भिक्षु डॉ. काग्युर टी रिनपोचे ठाकुर से शादी की है, जिनसे उनके दो बच्चे एक बेटा राबिल और बेटी रबजे इनाया हैं।

Leave a Comment