‘घूम के चमाट मारो’, अभिनेत्रियों की पीछे से तस्वीरों पर सलमान खान ने पैपराजी को थप्पड़ मारने की दी सलाह

 

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने ‘बिग बॉस 20’ के हालिया ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। गंजेपन और लुक्स को लेकर ट्रोलिंग से लेकर अपनी पूर्व गर्लफ्रेंड कैटरीना कैफ को बॉडी-शेम करने वालों पर प्रतिक्रिया देने के बाद सलमान ने पैपराजी की उस प्रवृत्ति पर भी नाराजगी जताई, जिसमें अभिनेत्रियों की पीछे से असहज करने वाली तस्वीरें खींची जाती हैं।

प्रतियोगियों से बातचीत के दौरान सलमान ने महिलाओं की तस्वीरें ऐसे कोणों से लेने की बढ़ती प्रवृत्ति पर सवाल उठाया, जिनसे वे खुद असहज महसूस कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि फोटोग्राफर अक्सर अभिनेत्रियों के कार से उतरते या कार में बैठते समय ऐसे एंगल से तस्वीरें लेने की कोशिश करते हैं।

सलमान खान ने कहा, “एक टांगों का शॉट मिल जाए और पीछे से जो शॉट लेते हैं, वो कोई भी हीरोइन या लड़की पसंद नहीं करती।”

उन्होंने ‘दबंग 3’ में उनके साथ काम कर चुकी अभिनेत्री सई मांजरेकर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने भी ऐसी फोटोग्राफी को लेकर असहजता दिखाई थी। सलमान खान ने नेहा धूपिया और अपनी भांजी अलीजेह अग्निहोत्री का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अलीजेह की भी पीछे से चलते हुए तस्वीरें खींची गई थीं।

सलमान खान ने ऐसी तस्वीरों से असहज होने वाली महिलाओं से खुद के लिए आवाज उठाने की अपील करते हुए कहा, “वो कौन लोग हैं? मैं उन सभी लड़कियों से कह रहा हूं जिन्हें ये पसंद नहीं है—जहां ऐसा हुआ, घूम के चमाट मारो।”

सलमान खान ने इस तरह की फोटोग्राफी को “घिनौना” बताते हुए सवाल किया कि सार्वजनिक कार्यक्रमों और समारोहों में फोटोग्राफर बार-बार ऐसी तस्वीरें लेने की कोशिश क्यों करते हैं।

सलमान खान ने यह भी कहा कि कुछ महिलाओं को ऐसी तस्वीरों से आपत्ति नहीं हो सकती, लेकिन उनके जानने वाली कई अभिनेत्रियां—जिनमें शादीशुदा महिलाएं और मांएं भी शामिल हैं—ऐसी तस्वीरों को लेकर सहज नहीं हैं और उन्हें यह तरीका पसंद नहीं है।

Leave a Comment