मुंबई के वडाला (पश्चिम) में शनिवार देर रात ओला कैब से आये 3 लोगों ने एक व्यक्ति पर 3 राउंड फायरिंग कर दी। व्यक्ति को गोली नहीं लगी। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना SIWS कॉलेज के पास, चार रास्ता (आरए किदवई रोड) की है। ओला कैब (नंबर MH O1 FE 3296) से आए दो युवकों ने सड़क पर चल रहे सोहेब नाम के व्यक्ति पर 3 गोलियां चला दीं। सोहेब दौड़-कूद कर भाग गया। उसे गोली नहीं लगी।
ATS, अंटॉप हिल और माटुंगा पुलिस ने थोड़ी ही देर में तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। उनमें से दो के नाम हमज़ा खान और दाऊद खान हैं। ये हिम्मत नगर वडाला के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से एक पिस्तौल, एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
सोहेब संगम नगर, वडाला का रहने वाला है। सोहेब और आरोपी उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं। प्रतापगढ़ में चल रही किसी पुरानी रंजिश में आरोपियों ने सोहेब पर गोलियां चलाईं।
