फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी के 5 और आरोपी गिरफ्तार

 

रविवार, 18 अक्टूबर 2026 की शाम जुहू में फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर एक मोटरसाइकिल से आए 3 हमलावरों ने गोलीबारी की थी। इस मामले में जुहू पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 3(5) तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 3, 25 के तहत FIR (अपराध क्रमांक- 1070/2026) दर्ज किया गया है। इसी मामले में पुलिस ने 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

जुहू पुलिस के समानान्तर अपराध शाखा की इकाई क्रमांक- 12 भी मामले की जांच कर रही है। इससे पहले कोटा, राजस्थान से तीन शूटरों (फूल नरेश सिंह, ऋतिक उर्फ रोशन रामू महतो, रेहान ऋषिउद्दीन अंसारी) को गिरफ्तार किया गया था। ये तीनों आरोपी 31 अक्टूबर 2026 तक पुलिस हिरासत में हैं। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस को उन आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिन्होंने हमलावरों को हथियार उपलब्ध कराए थे और उनकी मदद की थी। इस जानकारी के आधार पर दिल्ली पुलिस की सहायता से दिल्ली से चार आरोपियों (दो पुरुष और दो महिला) को गिरफ्तार किया गया।

उनके नाम कुणाल संजय, सुमित बिजेन्दर, राधा सुनील और बबिता रामजतन हैं। कुणाल (21) गांव- रोहाना, पुलिस स्टेशन- खारखोड़ा, जिला- सोनीपत हरियाणा, सुमित (19) वार्ड- 10, मटिंडो रोड, पुलिस स्टेशन- खारखोड़ा, जिला- सोनीपत हरियाणा, राधा (23) गांव नहवइया, पुलिस स्टेशन- मिश्रिख, जिला- सीतापुर, उत्तर प्रदेश और बबिता (23) गांव कोठियार, जिला-आज़मगढ़, उत्तर प्रदेश के रहनेवाले हैं।

हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए कुणाल की मुलाकात हरसाना गांव के उसके एक दोस्त ने अनिल पंडित से कराई थी। इसके बाद कुणाल एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए अनिल पंडित से बातचीत करने लगा।

अनिल पंडित के निर्देश पर कुणाल अमृतसर से एक पिस्तौल और 20 कारतूस लेकर आया। सुमित भी उसके साथ गया था। करीब दो महीने पहले कुणाल की मुलाकात राधा से हुई थी। उसने राधा को अपनी गतिविधियों के बारे में बताया और हथियार के साथ मुंबई जाने के लिए उसे राजी कर लिया।

15 अक्टूबर: कुणाल राधा और बबिता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन लेकर गया। पिस्तौल राधा के बैग में थी। यात्रा के दौरान कुणाल एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए संपर्क में रहा और अनिल पंडित के निर्देश उन तक पहुंचाता रहा।

17 अक्टूबर: दोनों महिलाएं दादर स्टेशन पर उतरीं और एक होटल में ठहरीं। सुबह करीब 11 बजे एक नाबालिग लड़का होटल के पास राधा से बैग लेकर चला गया।

18 अक्टूबर, शाम करीब 7 बजे: टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी हुई। अनिल पंडित ने कुणाल को बताया कि गोली चलाने वाले मुंबई में फंस गए हैं और उनसे सुरक्षित निकलने का इंतजाम करने को कहा।

18 अक्टूबर: राधा और बबिता दादर से हरिद्वार एक्सप्रेस में सवार होकर मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हुईं।

20 अक्टूबर: राधा और बबिता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया, जबकि कुणाल और सुमित को सोनीपत में गिरफ्तार किया गया।

माफिया सरगना लॉरेंस बिश्नोई गैंग के विदेश में बैठे गुर्गे अनिल पंडित और हरमन संधू ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट कर हमले की ज़िम्मेदारी ली है। अनिल पंडित ने वायस रिकॉर्डिंग भी प्रसारित किया है। अनिल पंडित का कहना है कि उसने टाइगर श्रॉफ को चेतावनी दी थी कि वे सलमान खान के साथ काम न करें, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। अनिल पंडित ने मुंबई फिल्म इंडस्ट्री के उन लोगों को भी धमकी दी है, जो गिरोह की मांगें नहीं मानते या सलमान खान के साथ काम करते हैं। पोस्ट में चेतावनी दी गई है कि ऐसे लोगों को अगला निशाना बनाया जा सकता है। वायस रिकॉर्डिंग में अनिल पंडित कहता है कि सलमान खान दाऊद इब्राहीम का कुत्ता है।

Leave a Comment