थाईलैंड में मगरमच्छ का मांस खाया उज्जैन नगर निगम के भवन अधिकारी ने !

 

मध्य प्रदेश के उज्जैन नगर निगम के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर का थाईलैंड में मगरमच्छ का मांस खाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वीडियो में वह अपनी पत्नी के साथ मगरमच्छ का मांस खाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया था। वीडियो सामने आने के बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग उठने लगी है।

वीडियो के साथ राठौर ने अंग्रेजी में ‘Trying crocodile for the first time in Thailand’ कैप्शन लिखा है। इसका अर्थ है, ‘थाईलैंड में पहली बार मगरमच्छ का मांस चख रहा हूं।’ हालांकि, इस मामले में विवाद का एक प्रमुख पहलू उनकी विदेश यात्रा को लेकर भी है। आरोप है कि उन्होंने अवकाश तो लिया, लेकिन विदेश यात्रा की जानकारी दिए बिना और वरिष्ठ अधिकारियों से अनुमति लिए बिना पत्नी के साथ थाईलैंड गए।

नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के मुताबिक, राजकुमार राठौर नगर निगम के जोन क्रमांक 1, 2 और 3 में भवन अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। इन क्षेत्रों में सिंहस्थ से जुड़े इलाके भी शामिल हैं। राठौर ने 19 से 23 अक्टूबर तक अवकाश के लिए आवेदन किया था। हालांकि, उनके अवकाश आवेदन में विदेश यात्रा का उल्लेख नहीं था। आयुक्त के अनुसार, विदेश यात्रा के लिए अनुमति भी नहीं ली गई थी।

ऐसे में जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन सामने आने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।

गौरतलब है कि सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उज्जैन में निर्माण कार्यों और विभिन्न विकास योजनाओं को गति दी जा रही है। ऐसे समय में सिंहस्थ क्षेत्र से जुड़े इलाकों की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारी की विदेश यात्रा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

नगर निगम के अपर आयुक्त संतोष टैगोर ने भी मामले में विभागीय कार्रवाई के संकेत दिए हैं। बताया जा रहा है कि जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित अधिकारी को निंदा जैसी लघु शास्ति देने अथवा वेतनवृद्धि या पदोन्नति रोकने जैसी कार्रवाई पर विचार किया जा सकता है। हालांकि, अंतिम निर्णय जांच के निष्कर्षों और लागू सेवा नियमों के आधार पर लिया जाएगा।

Leave a Comment