मुंबई के बोरीवली स्थित ‘बोरीवली हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड’ कंपनी में निवेश पर अच्छा रिटर्न और कंपनी के शेयर देने का लालच देकर तीन डॉक्टरों ने नौ डॉक्टरों से कुल 2 करोड़ 76 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। महिला डॉक्टर यूलालिया डिसूजा की शिकायत पर बोरीवली पुलिस ने डॉ. कांत शाह, डॉ. नम्रता अग्रवाल और राजाराम रावराणे के खिलाफ FIR दर्ज की है।
डॉ. यूलालिया डिसूजा के परिचित एक डॉक्टर ने उन्हें डॉ. कांत शाह की कंपनी के बारे में जानकारी दी थी। इसके बाद डॉ. यूलालिया डिसूजा ने बोरीवली पश्चिम स्थित लैंसलॉट इमारत में जाकर डॉ. कांत शाह से मुलाकात की। उस समय डॉ. कांत शाह ने उन्हें कंपनी के नाम पर संचालित अस्पताल और दिनभर इलाज की सुविधा वाले केंद्र को दिखाया।
शिकायत के अनुसार, डॉ. कांत शाह ने आश्वासन दिया कि कंपनी में पैसा निवेश करने पर शेयर दिए जाएंगे और निवेश की एक निश्चित दर के हिसाब से मुनाफा भी मिलेगा। उनके इस आश्वासन पर भरोसा करके डॉ. यूलालिया डिसूजा समेत आठ अन्य डॉक्टरों ने कंपनी में कुल 2 करोड़ 76 लाख रुपये का निवेश कर दिया।
FIR में कहा गया है कि डॉक्टरों ने वर्ष 2023 से निवेश करना शुरू किया था, लेकिन उन्हें अब तक कोई रिटर्न नहीं मिला। जब डॉक्टरों ने अपनी निवेश की गई रकम वापस मांगी, तो आरोप है कि डॉ. कांत शाह अलग-अलग बहाने बनाकर उन्हें टालते रहे।
फरियादी डॉक्टरों ने यह भी आरोप लगाया है कि डॉ. कांत शाह ने कंपनी को जानबूझकर दिवालिया होने की दिशा में ले जाने के उद्देश्य से अलग-अलग योजनाएं चलाई। इन शिकायतों के आधार पर बोरीवली पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और महाराष्ट्र जमाकर्ताओं के हितों के संरक्षण संबंधी अधिनियम के तहत FIR दर्ज की है।
