लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी हरि बॉक्सर अमेरिका में गिरफ्तार, रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की ली थी जिम्मेदारी

हरि बॉक्सर

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी सहयोगी हरि चंद जाट उर्फ हरि बॉक्सर को अमेरिकी अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया है। बॉक्सर ने फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। उस पर बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह और तुषार कपूर को रंगदारी के लिए धमकियां देने का भी आरोप है।

मुंबई क्राइम ब्रांच अभिनेता तुषार कपूर को मिले 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाले कॉल की जांच कर रही है। आरोप है कि फोन करने वाले शख्स ने अपना परिचय हरि बॉक्सर के रूप में दिया था और खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया था। तुषार कपूर के पुलिस से संपर्क करने के बाद यह मामला क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल (AEC) को सौंप दिया गया। जांचकर्ताओं ने रंगदारी के लिए आए फोन कॉल की रिकॉर्डिंग की जांच की और कॉल करने वाले की आवाज का मिलान हरि बॉक्सर के उपलब्ध ऑडियो सैंपल से किया। शुरुआती विश्लेषण में दोनों आवाजों के बीच कोई समानता नहीं मिली।

हरि बॉक्सर को 22 फरवरी को कैलिफोर्निया में अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) ने हिरासत में लिया था। उस पर वॉयस मैसेज के जरिए रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी को धमकाने तथा 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है।

बॉक्सर का नाम राजस्थान, पंजाब और दिल्ली में दर्ज कई आपराधिक मामलों में भी सामने आ चुका है। इनमें 17 अक्टूबर 2025 को कनाडा के सरे शहर में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे ‘कप्स कैफे’ पर हुई फायरिंग की घटना भी शामिल है।

भारतीय अधिकारी उसकी भारत वापसी यानी प्रत्यर्पण सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर रहे हैं। वहीं, रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी को धमकी देने वाले वॉयस नोट की शुरुआती फॉरेंसिक जांच में आवाज का मिलान हरि बॉक्सर की आवाज से होने की बात सामने आई है।

Leave a Comment