चोरी का ट्रक पकड़ा, लेकिन पांच दिन तक दबाए रखी बात; SOG प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर पुलिस फेस-2 थाने की SOG टीम ने दिल्ली से चोरी हुए सामान से लदे ट्रक को अपने कब्जे में तो ले लिया, लेकिन इसकी जानकारी करीब पांच दिनों तक अपने वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी। इसे गंभीर लापरवाही और सूचना छिपाने का मामला मानते हुए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर सेंट्रल नोएडा के डीसीपी प्रवीण रंजन ने SOG प्रभारी सहित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

कार्रवाई की जद में आने वालों में फेस-2 थाने की SOG के प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक विकास सिकरवार, मुख्य आरक्षी आशीष कुमार और जुबेर रिजवी तथा आरक्षी भूदेव और आशू शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, SOG टीम ने दिवाली से ठीक एक दिन पहले चोरी के सामान से भरे ट्रक को पकड़ा था। छानबीन में सामने आया कि यह ट्रक दिल्ली से चोरी किया गया था और इस संबंध में वहां के स्थानीय थाने में मामला भी दर्ज था। इसके बावजूद टीम ने बरामदगी की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने के बजाय करीब पांच दिनों तक पूरे मामले को अपने स्तर पर ही रखा।

SOG टीम की इस कारगुजारी का पता तब चला, जब दिल्ली पुलिस ने चोरी हुए ट्रक के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए नोएडा पुलिस के अधिकारियों से संपर्क किया। दिल्ली पुलिस की ओर से पूछताछ किए जाने पर अधिकारियों को मालूम हुआ कि ट्रक फेस-2 थाने की SOG टीम के कब्जे में है। हैरानी की बात यह थी कि इतनी बड़ी बरामदगी के बावजूद स्थानीय अधिकारियों को इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई थी।

घटना की जानकारी मिलने पर सेंट्रल नोएडा के डीसीपी प्रवीण रंजन ने पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को पूरे प्रकरण से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर तत्काल विभागीय कार्रवाई की गई और SOG प्रभारी सहित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।

गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों को विश्वास में लिए बिना की जाने वाली पुलिस कार्रवाई के मामलों में सख्ती दिखाई है। इससे पहले भी बिना आला अधिकारियों को जानकारी दिए दबिश के लिए टीम भेजने के आरोप में साइबर थाने के प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है।

Leave a Comment