महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले की उरण विधानसभा सीट से भाजपा (BJP) विधायक महेश बालदी को तीन साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई है। विधायक महेश बालदी समेत कुल चार लोगों को अलीबाग स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने तीन साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई।
हालांकि, सजा सुनाए जाने के बाद चारों आरोपियों को जमानत भी मिल गई, जिससे उन्हें तत्काल गिरफ्तारी से राहत मिल गई है। साथ ही, जिला न्यायालय में फैसले के खिलाफ अपील करने के लिए एक महीने का समय भी दिया गया है। यह मामला वर्ष 2010 का है।
दरअसल, रायगढ़ जिले के उरण में एक युवती से छेड़छाड़ किए जाने का यह मामला है। युवती से छेड़छाड़ करने वाले युवक से जवाब-तलब करने के लिए विधायक महेश बालदी कुछ अन्य लोगों के साथ पहुंचे थे। इस दौरान संबंधित युवक के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई, जिसमें उसे गंभीर चोटें आई थीं।
इस मामले में दर्ज आपराधिक केस की सुनवाई अलीबाग स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में चल रही थी। करीब 16 साल बाद अदालत ने इस मामले में फैसला सुनाते हुए विधायक महेश बालदी समेत चारों आरोपियों को दोषी करार दिया और तीन साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई।
