सेना के एक अधिकारी की 45 वर्षीय विधवा को वीरता पुरस्कार दिलाने का झांसा देकर जालसाजों ने 48.19 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने खुद को रक्षा मंत्रालय और सेना का अधिकारी बताकर महिला को अपने जाल में फंसाया। पुरस्कार की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर महिला से सितंबर 2025 से नवंबर 2025 के बीच 14 किस्तों में रकम जमा कराई। इस महीने आरोपियों ने जब महिला से दोबारा पैसे मांगे, तब उसे ठगी का संदेह हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
वेस्ट साइबर पुलिस के मुताबिक, महिला के पति सेना में मेजर थे। वर्ष 2011 में नासिक में सेना के एक अभ्यास के दौरान हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। आर्मी एविएशन बेस से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद हुए इस हादसे में उनके पति की मौत हो गई थी। इसके बाद से महिला विधवा के रूप में जीवन बिता रही है।
सितंबर 2025 में महिला के पिता को एक व्यक्ति का फोन आया। उसने अपना नाम अजीत बताया और दावा किया कि वह नई दिल्ली स्थित सेना मुख्यालय में रक्षा मंत्रालय का हेड क्लर्क है। फोन करने वाले ने कहा कि वर्ष 2011 में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में उनके दामाद शहीद हुए थे, इसलिए उनकी पत्नी यानी महिला ‘वीर नारी सम्मान’ योजना के तहत मरणोपरांत वीरता पुरस्कार पाने की पात्र हैं। उसने यह भी कहा कि इस योजना के तहत लाभ लेने के लिए महिला के पास आवेदन करने का यह आखिरी दिन है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, जब महिला ने जालसाजों द्वारा दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो उसकी बात अलग-अलग लोगों से कराई गई। इन सभी ने खुद को सेना का वरिष्ठ अधिकारी बताया। आरोपियों ने महिला को ‘वीर नारी सम्मान’ योजना के तहत 12 लाख और 33 लाख रुपये दिलाने का भरोसा दिया। इसके अलावा उसकी बेटी के नाम पर कथित ‘कन्या विकास योजना’ के तहत 2.25 करोड़ रुपये दिलाने का लालच भी दिया।
जालसाजों ने महिला को विश्वास दिलाया कि एक राष्ट्रीयकृत बैंक में उसके और उसकी बेटी के नाम पर फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) भी खोली जा चुकी है। इसके बाद पुरस्कार की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर प्रोसेसिंग फीस, सिक्योरिटी बॉन्ड, फॉर्म और अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) के लिए पैसे जमा कराने को कहा। महिला आरोपियों के झांसे में आ गई और सितंबर से नवंबर 2025 के बीच उनके बताए अलग-अलग बैंक खातों में 14 बार में कुल 48.19 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला मई 2026 तक जालसाजों से लगातार संपर्क में रही, लेकिन इसके बाद उनके मोबाइल फोन बंद हो गए। नवंबर 2026 में महिला को एक अन्य व्यक्ति का फोन आया। उसने अपनी पहचान दिल्ली के वसंत विहार स्थित आर्मी ग्रुप इंश्योरेंस (AGI) कार्यालय के सुजीत कुमार के रूप में बताई। उसने दावा किया कि अहमदनगर में रहने वाले महिला के ससुराल पक्ष के लोगों की ओर से आपत्ति दर्ज कराए जाने के कारण उसका भुगतान रोक दिया गया है।
फोन करने वाले ने महिला को भरोसा दिलाया कि पहले जमा कराए गए पैसे उसे पूरी तरह वापस मिल जाएंगे, लेकिन इसके लिए उसे ‘अंतिम NOC’ के नाम पर 4 लाख रुपये और जमा करने होंगे। हालांकि, इस बार महिला को जालसाजों की मंशा पर शक हो गया। उसने सीधे दिल्ली स्थित AGI कार्यालय से संपर्क किया। वहां उसे बताया गया कि सुजीत कुमार नाम का कोई व्यक्ति कार्यालय में कार्यरत नहीं है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि सेना की ओर से कल्याणकारी योजनाओं की राशि जारी करने के लिए कभी किसी से पैसे नहीं मांगे जाते।
इसके बाद महिला ने डायरेक्टरेट ऑफ आर्मी वेटरन्स (DIAV) से संपर्क किया। वहां उसे तत्काल साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।
महिला की शिकायत के आधार पर वेस्ट साइबर पुलिस ने अज्ञात जालसाजों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 318 (धोखाधड़ी), 319 (किसी अन्य व्यक्ति का रूप धारण कर धोखाधड़ी) और 3 (साझा मंशा) के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(C) और 66(D) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
