हिंदू बनकर 6 महिलाओं से शादी करनेवाला जुम्माउद्दीन अहमद गिरफ्तार

जुम्माउद्दीन अहमद

असम के नगांव जिले में हिन्दू महिलाओं को धोखे में रखकर शादी करने के आरोप में पुलिस ने जुम्माउद्दीन अहमद को गिरफ्तार किया है। जुम्माउद्दीन अहमद ने अपनी असली पहचान छिपाकर अलग-अलग हिंदू नामों का इस्तेमाल किया और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर छह महिलाओं से शादी की। इस मामले में दो हिंदू युवतियों के साथ दुष्कर्म के आरोप भी सामने आए हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह पूरा प्रकरण नवंबर 2026 में आरोपी की पहली पत्नी रंजू मुसाहारी की शिकायत के बाद उजागर हुआ। बताया जाता है कि धर्मांतरण के बाद रंजू का नाम फरीदा बेगम हो गया था। उनकी शिकायत पर खाटोवाल पुलिस ने समागुरी के सोनारिबाली निवासी जुम्माउद्दीन अहमद को गिरफ्तार किया।

शिकायत के अनुसार, जुम्माउद्दीन अहमद ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाने के लिए ‘राजू बोरा’, ‘उत्पल बोरा’ और ‘उत्पल सैकिया’ जैसे नामों का सहारा लिया। आरोप है कि वर्ष 2001 में उसने तेजपुर की एक बोडो महिला से राजू बोरा के नाम से पहली शादी की थी। इसके बाद तेजपुर, कालियाबोर और कार्बी आंगलोंग सहित अलग-अलग इलाकों में अपनी पहचान बदलकर पांच अन्य महिलाओं को भी विवाह के झांसे में लिया।

जुम्माउद्दीन अहमद ने अपनी फर्जी पहचान को पुख्ता दिखाने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और बैंक पासबुक जैसे दस्तावेज भी बनवा रखे थे। पुलिस अब इन दस्तावेजों की सत्यता और आरोपी की अलग-अलग पहचानों से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

इस मामले में शिकायतकर्ता महिला ने जुम्माउद्दीन अहमद पर इटाखोला-बालीडांगा इलाके की दो हिंदू युवतियों के साथ दुष्कर्म की घटना में शामिल होने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, इस मामले में समागुरी पुलिस ने पहले भी जुम्माउद्दीन अहमद को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि इस प्रकरण में उसे करीब तीन साल तक तेजपुर जेल में रहना पड़ा था।

पीड़िता का दावा है कि जुम्माउद्दीन अहमद ने उसके अलावा पांच अन्य महिलाओं से भी शादी की थी। उसने जुम्माउद्दीन अहमद की गिरफ्तारी के लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के प्रति आभार भी जताया है।

शिकायतकर्ता ने अपनी सास पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि सास को जुम्माउद्दीन अहमद के अन्य विवाहों की जानकारी थी और वह इन शादियों का समर्थन करती थीं।

फिलहाल नगांव पुलिस जुम्माउद्दीन अहमद की वास्तविक पहचान, उसके पास से मिले दस्तावेजों की प्रामाणिकता और अलग-अलग महिलाओं से किए गए विवाहों की परिस्थितियों की जांच कर रही है। जुम्माउद्दीन अहमद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Comment