‘न पत्नियां खरीदकर लाओ, न डेटिंग-शादी करो’, बांग्लादेश को लेकर चीन ने जारी की एडवाइजरी

 

बांग्लादेश में चीन के दूतावास ने चीनी नागरिकों को हिदायत दी है कि वे किसी विदेशी शख्स से शादी करने के लिए संबंधित कानून का सख्ती से पालन करें। बांग्लादेश के पुरुष या महिला से शादी करने के लिए मैचमेकिंग कराने वाले अवैध एजेंट्स से सावधान रहें और वीडियो प्लेटफॉर्म पर सीमापार डेटिंग कंटेंट से भ्रमित न हों। दूतावास ने चीन के नागरिकों को चेताते हुए कहा कि वे विदेशी पत्नी खरीदने से बचें और चीन के नागरिक बांग्लादेश में शादी करने से पहले दो बार सोचें। चीनी दूतावास ने रविवार देर रात एक रिमाइंडर जारी किया कि बांग्लादेश में चीनी दूतावास ने अपने नागरिकों से कहा है कि वे ‘विदेशी पत्नी खरीदने’ की गलत सोच को पूरी तरह छोड़ दें।

चीनी युवा बड़ी संख्या में गरीब दक्षिण एशियाई देशों में दुल्हन की तलाश में जाते हैं। इन देशों में चीनी युवकों को दुल्हन उपलब्ध कराने के लिए एक पूरा नेटवर्क काम करता है, जिसका एक बड़ा अवैध कारोबार फैला हुआ है। इसमें लड़कियों को फंसाकर चीनी नागरिकों से शादी करा दी जाती है। आगे चलकर ये औरतें चीन ले जाई जाती हैं, जहां उन्हें बंधक बनाकर रखा जाता है। अतीत में ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं।

ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी दूतावास ने आगे कहा कि ‘किसी को भी विदेशी शादी के लिए दलाली करने की इजाजत नहीं है। सोशल मीडिया और शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म पर चल रहे क्रॉस-बॉर्डर रोमांस जैसे कंटेंट के बहकावे में आकर वैध शादियों या मानव तस्करी जैसे मामलों में फंस सकते हैं। इससे आर्थिक और व्यक्तिगत दोनों तरह का नुकसान हो सकता है।

अगर कोई मानव तस्करी के मामले में पकड़ा जाता है, तो उसके लिए उस पर सख्त कार्रवाई हो सकती है, क्योंकि बांग्लादेश सरकार मानव तस्करी के मामलों में नर्मी नहीं बरतती है। ऐसे मामले में 7 साल की सजा के अलावा, भारी जुर्माना भी लगाया जा सकता है। इसके अलावा, चीनी नागरिकों को इस तरह की धोखाधड़ी या स्कैम का शिकार होने पर चीन के सार्वजनिक सुरक्षा प्राधिकरणों को रिपोर्ट करने को कहा गया है।

अनुमान है कि 3 करोड़ चीनी पुरुषों को जीवनसाथी नहीं मिल रहा है। इसके चलते विदेशी दुल्हनों की मांग में बढ़ावा हुआ है। बांग्लादेशी मीडिया आउटलेट डेली स्टार की एक रिपोर्ट में बांग्लादेश की महिलाओं को कथित शादी के बहाने चीन में बेचे जाने के मामलों के बारे में बताया गया है।

बांग्लादेश में इस समय राजनीतिक अस्थिरता चल रही है। बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद शेख हसीना ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था और फिर आंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस ने वहां की कमान संभाली। फिलहाल बांग्लादेशी सेना के और मोहम्मद यूनुस के बीच कुछ मुद्दों को लकर अनबन चल रही है। ऐसे में मोहम्मद यूनुस ने अपने पद से इस्तीफा देने की बात कही है।

8 Thoughts to “‘न पत्नियां खरीदकर लाओ, न डेटिंग-शादी करो’, बांग्लादेश को लेकर चीन ने जारी की एडवाइजरी”

Leave a Comment