कोर्ट ने बेल दी मारपीट के आरोपी ‘नितेश’ को, जेल प्रशासन ने छोड़ दिया दुष्कर्म के आरोपी ‘नितेश’ को !!

सांकेतिक तस्वीर

‘नाम में क्या रखा है’ कहने वाला शेक्सपियर आज ज़िंदा होता तो मारे शर्म के मर जाता। हरियाणा के फरीदाबाद जेल में एक जैसा नाम होने की वजह से बड़ी घटना हो गयी। दो कैदियों का नाम ‘नितेश’ था। जेल प्रशासन ने दुष्कर्म के आरोपी ‘नितेश’ को रिहा कर दिया जबकि मारपीट के आरोपी ‘नितेश‘ को रिहा करना था।

नितेश पांडे (27) को अक्टूबर 2021 में 9 साल के एक बच्चे के साथ दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। दूसरे नितेश (24), जिसका सरनेम नहीं है, पिछले रविवार को घर में घुसने और मारपीट के इल्जाम में जेल भेजा गया था। इस दूसरे नितेश को फरीदाबाद कोर्ट के चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट ने सोमवार को जमानत दे दी थी। लेकिन, जेल प्रशासन ने गलती से नितेश पांडे को रिहा कर दिया, जो मंगलवार को रिहा होने वाला नहीं था।

दोनों के नाम एक जैसे होने के बावजूद, नितेश पांडे का सरनेम मौजूद था, जबकि दूसरे कैदी का कोई सरनेम नहीं था। जेल डिप्टी सुपरिटेंडेंट विक्रम सिंह ने कहा, ‘हमने सदर पुलिस स्टेशन में नितेश पांडे के खिलाफ शिकायत दर्ज की है कि उसने अपनी पहचान छुपाकर रिहाई हासिल की।’ दूसरी ओर, सदर पुलिस स्टेशन के SHO उमेश कुमार ने भरोसा दिलाया कि नितेश पांडे जल्द ही गिरफ्त में होगा और उसकी तलाश शुरू हो गई है।

6 Thoughts to “कोर्ट ने बेल दी मारपीट के आरोपी ‘नितेश’ को, जेल प्रशासन ने छोड़ दिया दुष्कर्म के आरोपी ‘नितेश’ को !!”

Leave a Comment