कांग्रेस के पूर्व मंत्री का PA शकूर खान पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार

शकूर खान

राजस्थान के जैसलमेर में कांग्रेस शासन के दौरान पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद के निजी सहायक (PA) शकूर खान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उस पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप है। शकूर खान का पाकिस्तान के दूतावास में काम करने वाले अहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश और सोहेल कमर से नजदीकी संपर्क था।

शकूर खान राजस्थान के जैसलमेर का रहने वाला है। शकूर खान की गतिविधियां संदिग्ध पाई जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां उस पर नजर रख रही थी। जांच में सामने आया है कि आरोपी के पाकिस्तान के दूतावास में काम करने वाले अहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश और सोहेल कमर से नजदीकी संपर्क थे। साथ ही कई बार पाक दूतावास में जाकर संपर्क भी किया था। दानिश की मदद से कई बार शकूर पाक का वीजा लेकर पाकिस्तान की यात्रा भी कर चुका है। पाकिस्तान प्रवास के दौरान आईएसआई एजेंटों से भी संपर्क किया था। साथ ही वह अहम सूचनाएं व्हाट्सप्प के जरिए उपलब्ध करवा रहा था। शकूर खान के पास से तीन मोबाइल फोन मिले जिसकी जांच में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के हैंडलर्स को कई गोपनीय और संवेदनशील जानकारियां भेजने के सबूत मिले हैं। इस्लामाबाद के लोगों के फोन नंबर भी हैं।

शकूर जिला रोजगार कार्यालय में सहायक प्रशासनिक अधिकारी (AAO) के पद पर कार्यरत है। वह कांग्रेस शासन के दौरान पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद का निजी सहायक था। वह सालेह मोहम्मद के पैतृक गांव, भागू का गांव से लगभग आठ किमी दूर, जैसलमेर जिले के बडोदा गांव के मांगलियों की ढाणी गांव से ताल्लुक रखता है।

इंटेलिजेंस ने शकूर खान को 29 मई को जैसलमेर से हिरासत में लिया था। इसके बाद उसे जयपुर लाकर गहनता से पूछताछ की गई। उसके खिलाफ झालाना स्थित स्पेशल पुलिस स्टेशन में शासकीय गुप्त बात अधिनियम, 1923 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शकूर खान को आज कोर्ट में पेश कर दस दिन की रिमांड मांगी। कोर्ट ने शकूर को सात दिन के रिमांड पर सौंपा है। इस बीच कोर्ट परिसर में इकठ्ठा हुए वकीलों ने शकूर खान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पाकिस्तान के खिलाफ भी नारे लगे। मौके पर इकठ्ठा हुए वकीलों ने एलान किया कि कोई भी वकील शकूर खान की पैरवी नहीं करेगा। वकीलों ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वालों को पाकिस्तान भेजने की भी मांग की।

Leave a Comment