मुंबई की मीठी नदी घोटाले मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आज फिल्म अभिनेता और मॉडल डिनो मोरिया के घर पर छापेमारी की। यह छापेमारी मनी लॉन्ड्रिंग (PMLA) की जांच के तहत की गयी। बता दें कि मीठी नदी घोटाले में नाम सामने आने के बाद मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) डिनो मोरिया और उनके भाई सैंटिनो मोरिया से दो बार पूछताछ कर चुकी है।
सूत्रों के अनुसार ये रेड मुंबई और कोच्चि में 15 जगहों पर की गई, जिसमें डिनो मोरिया, BMC के सहायक इंजीनियर प्रशांत रामुगाडे और कई ठेकेदारों से जुड़ी संपत्तियां शामिल हैं। इनमें डिनो मोरिया का बांद्रा स्थित घर भी शामिल है।
मीठी नदी घोटाला मुंबई महानगरपालिका (BMC) की ओर से मीठी नदी की सफाई में इस्तेमाल होने वाले स्लज पुशर और ड्रेजिंग मशीनों की खरीद-फरोख्त से जुड़ा है। आरोप है कि इन मशीनों को कोच्चि की कंपनी मैटप्रॉप टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड से ऊंचे दामों पर किराए पर लिया गया और इसमें भारी वित्तीय गड़बड़ी हुई।
ये मामला मुंबई में पिछले 20 साल से चल रहे मीठी नदी से गाद निकालने के स्लज पुशर और ड्रेजिंग मशीनों की खरीद-फरोख्त से जुड़ा है। इस प्रोजेक्ट के लिए करीब 1100 करोड़ रुपए का ठेका दिया गया था। शुरुआती जांच में सामने आया कि कुल 18 ठेकेदारों को यह काम सौंपा गया था। बाद में बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने आरोप लगाया कि उपकरण किराये पर लेने के दौरान बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ियां हुईं। इसी सिलसिले में 65 करोड़ 54 लाख रुपए का नुकसान हुआ, जिसकी जांच अब ED कर रही है। इस महीने की शुरुआत में मुंबई पुलिस ने ठेकेदारों और बीएमसी के अधिकारियों सहित 13 व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज किया था। इस मामले में केतन कदम और जय जोशी को मुख्य आरोपी बताया गया है। इन दोनों पर आरोप है कि उन्होंने मैटप्रॉप कंपनी के अधिकारियों और BMC के स्टॉर्म वॉटर ड्रेन्स विभाग के अधिकारियों से मिलीभगत कर 1100 करोड़ रुपये का घोटाला किया है। इस केस की जांच अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी कर रहा है।
डिनो मोरिया और उनके भाई सैंटिनो मोरिया केतन कदम के दोस्त हैं। इनकी भूमिका केवल एक दोस्ती के दायरे में सीमित नहीं रही। कुछ कॉल रिकॉर्डिंग्स में घोटाले की राशि, भुगतान प्रक्रिया और मशीन रेंटल जैसे विषयों पर बातचीत होने के संकेत हैं।
डिनो मोरिया, शिवसेना (UBT) लीडर आदित्य ठाकरे के भी गहरे दोस्त हैं।
