कनाडा में पकड़ा गया बाबा सिद्दीकी हत्‍याकांड का मास्‍टरमाइंड, पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी की मदद से पहुंचा कनाडा

 

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के मास्टरमाइंड जीशान अख्तर उर्फ जस्सी पुरेवाल को कनाडा की सरी पुलिस ने हिरासत में लिया है। जीशान पंजाब के जालंधर का रहने वाला है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है और हत्या की साजिश में शामिल था। वह हत्या के बाद फरार हो गया था और कथित तौर पर पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी की मदद से कनाडा पहुंचा। मुंबई पुलिस अब उसे भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर रही है।

मुंबई पुलिस की चार्जशीट में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के मास्टरमाइंड के रूप में जीशान अख्तर उर्फ मोहम्मद यासीन अख्तर का नाम सामने आया था। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से उसका गहरा रिश्ता उजागर हुआ है। पंजाब के जालंधर का रहने वाले जीशान को साल 2022 में पंजाब पुलिस ने अन्य मामलों में गिरफ्तार किया था। वह जेल में बिश्नोई गैंग के शूटर गुरमेल सिंह के संपर्क में आया और बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश रची। मुंबई पुलिस की जांच के अनुसार, मई 2024 में जीशान और गैंग के शुभम लोणकर को हत्या की योजना बनाने का जिम्मा सौंपा गया। जीशान ने हथियारों और शूटरों के लिए ठिकाने का इंतजाम किया। हिरासत से रिहा होने के बाद जीशान ने हरियाणा के कैथल में गुरमेल सिंह से मुलाकात की। दोनों ने धर्मराज कश्यप और शिवकुमार गौतम के साथ मिलकर मुंबई में हमले की तैयारी की। जीशान ने सितंबर 2024 में मुंबई छोड़ दिया ताकि उस पर शक न हो। उसने शूटरों को हथियार और लॉजिस्टिक सपोर्ट मुहैया कराया। पुलिस का मानना है कि जीशान की गतिविधियां भारत और विदेशों में सक्रिय संगठित अपराध सिंडिकेट्स से जुड़ी हैं।

जीशान की गिरफ्तारी के बाद मुंबई पुलिस कनाडाई अधिकारियों के साथ प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर रही है। यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण प्राथमिकता पर है। बिश्नोई गैंग बॉलीवुड स्‍टार सलमान खान और सिद्धू मूसेवाला जैसे हाई-प्रोफाइल मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अब अन्य संदिग्धों जैसे शिवकुमार गौतम की तलाश में है।

Leave a Comment