नवी मुंबई के खारघर रोड में एक 45 वर्षीय पाकिस्तानी नागरिक ने अपनी 35 वर्षीय पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बाद में उसने स्वयं भी जान दे दी। पाकिस्तानी दंपत्ति की पहचान नोतनदास उर्फ़ संजय सचदेव और सपना नोतनदास के रूप में हुई है। दोनों नवंबर 2024 में भारत आए थे और लॉन्ग टर्म वीजा पर रह रहे थे। वे आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे और पाकिस्तान वापस जाने की योजना बना रहे थे।
पुलिस उप आयुक्त प्रशांत मोहिते ने मीडिया को बताया कि सोमवार को दंपत्ति अपने किराए के फ्लैट में खून से लथपथ मिले। मृतक महिला की बहन ने सोमवार को फोन न उठने पर फ्लैट पर गयी। वहां पहुंचने पर इस घटना का पता चला। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने सपना नोतंदास को घटनास्थल पर मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके पति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
सपना नोतनदास और उनका पति मूल रूप से पाकिस्तानी नागरिक थे। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि नोतनदास ने झगड़े के बाद रसोई में इस्तेमाल होने वाले तेज धार वाले चाकू से अपनी पत्नी की गर्दन, पीठ और कंधे पर कई बार वार किये, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद, नोतनदास ने उसी हथियार से अपनी गर्दन पर वार कर लिया, जिससे उनकी भी मौत हो गई।
पाकिस्तानी दंपत्ति 10 और 6 साल के दो बच्चे हैं। पति-पत्नी की मौत के बाद बच्चों की कस्टडी को लेकर मुंबई पुलिस असमंजस में है। पुलिस ने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जताई है। पुलिस उप आयुक्त ने कहा, ‘‘हमारे रिकॉर्ड से पता चलता है कि वे नवंबर 2024 में लॉन्ग टर्म वीजा पर भारत आए थे। दंपत्ति पिछले 6 महीनों से अपने दो बच्चों के साथ फ्लैट में रह रहे थे। हम उनके वीज़ा और अन्य पहचान दस्तावेजों का गहन सत्यापन कर रहे हैं।’’ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है।
