यह मामला झारखण्ड के RIT थाना क्षेत्र के सीतारामपुर के पलाशडीह गांव का है। यहां एक युवक अपनी शादीशुदा गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचा। साथ में उसका दोस्त भी था। फिर तीनों जैसे ही कार में बैठे, गांव के लोगों ने उन्हें घेर लिया। प्रेमी और उसके दोस्त को खूब पीटा। महिला के पति को भी बुलाया गया। पंचायत बैठाई गई फिर पति के सामने ही पत्नी को उसके प्रेमी के साथ विदा कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक चांडिल की चिलगू पंचायत का रहने वाला एक युवक और उसका दोस्त सोमवार रात को कार से सीतारामपुर के पलाशडीह में अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचे। प्रेमिका को कार में बैठाकर ले जाते समय ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। कार से उतारकर प्रेमी और उसके दोस्त की पिटाई कर दी। इसके बाद महिला समेत तीनों को बंधक बना लिया। इसके बाद पंचायत बैठाई गई। फिर महिला के पति के सामने ही उसे प्रेमी के साथ भेजने का फरमान सुनाया गया।
पंचायत के फरमान की जानकारी मिलने पर एसडीपीओ समीर कुमार सवैया और आरआईटी थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह दलबल के साथ पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने इसे सामाजिक मामला बताते हुए पुलिस के हस्तक्षेप का विरोध किया। विरोध के कारण पुलिस को पीछे हटना पड़ा। लेकिन कोई अप्रिय घटना नहीं घटे इसको लेकर पुलिस मौके पर मौजूद रही।
पंचायत ने एक और फैसला सुनाया। प्रेमिका को उसके प्रेमी के साथ भेजते हुए प्रेमी पर एक लाख का जुर्माना लगाया दिया। फिर प्रेमिका का वहीं तलाक करवाया और प्रेमी के साथ भेज दिया गया।
