ससुर ने बहू की हत्या कर शव जमीन में गाड़ा, फिर सबको बताया कि बहू प्रेमी के साथ भाग गयी

 

हरियाणा के फरीदाबाद में एक ससुर ने अपनी बहू की हत्या कर शव को जमीन में गाड़ दिया। इसके बाद अफवाह फैला दी कि बहू प्रेमी के साथ फरार हो गयी। पुलिस ने ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।

25 अप्रैल को रोशन नगर फरीदाबाद में रहने वाले अरुण सिंह ने पुलिस चौकी नवीन नगर में एक शिकायत कि उसकी पत्नी तनु राजपूत 24 अप्रैल को घर से बिना बताए कहीं पर चली गई है। थाना पल्ला में केस दर्ज किया गया। एसीपी सराय राजेश कुमार ने बताया कि थाना पल्ला की टीम को ससुराल पक्ष पर महिला की हत्या कर जमीन में दबाने का संदेह हुआ। 20 जून को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में मकान के सामने बने खुदाई कराई गई, जहां से तनु की लाश बरामद हुई। इसके बाद मामले में हत्या, सबूत को नष्ट करने की धाराएं जोड़ी गईं। टीम ने कार्यवाही करते हुए तनु के ससुर भूप सिंह (54) निवासी रोशन नगर, फरीदाबाद को गिरफ्तार कर लिया है।

उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद की रहने वाली तनु राजपूत की शादी 2023 में अरुण सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही घर में अनबन चलती रहती थी। 21/22 अप्रैल की रात को आरोपी के घर पर उसकी बेटी व उसकी पुत्रवधू तनु थी। पत्नी एक शादी के कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश गई हुई थी और बेटा अरुण सिंह रात को ड्यूटी पर गया हुआ था। उसकी बेटी खाना खाकर ग्राउंड फ्लोर पर अपने कमरे में सो गई थी। तनु भी प्रथम तल पर सोने के लिए चली गई थी। उसी रात आरोपी ससुर तनु के कमरे में गया और उसने चुन्नी से पुत्रवधू तनु की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को मकान से सामने पहले से बने गड्ढे (सोखता) में डालकर, शव को मिट्टी से दबा दिया, ताकि किसी को दिखाई ना दे और फिर सुबह राजमिस्त्री को बुलाकर उस गड्ढे को पक्का करवा दिया। कोई पूछता तो बताता कि बहू अपने प्रेमी के साथ भाग गयी है।

तनु के ससुराल वालों के पड़ोसी ने बताया कि करीब दो महीने पहले तनु के ससुर ने गली में सोखता यह कहते हुए खुदवाया था कि घर का वेस्ट पानी जाने के लिए कोई जगह नहीं है। इसके तीन दिन बाद उन्होंने कहना शुरू कर दिया कि उनकी बहु तनु घर से भाग गई है, जिसके बाद पड़ोसियों को भी उन पर शक हुआ।

Leave a Comment