बिहार के छपरा जिले के रिविलगंज में दस दिनों पहले जिस महिला का श्राद्ध कर्म कर दिया गया था, वह महिला 11वें दिन जीवित अपने घर लौट आयी है। फिर सवाल है कि नदी से बरामद जिस महिला के शव का अंतिम संस्कार किया गया था, वह महिला कौन थी ?
बता दें मोहब्बत परसा पंचायत के भादपा नया बस्ती निवासी राम स्वरूप राय की पत्नी रामा देवी (45) गत 17 मई 2025 को घर से अचानक गायब हो गयी। खोजबीन के दरम्यान 26 मई को सरयू नदी स्थित थाना घाट से पूरब एक महिला का शव मिला। उक्त शव का आकार प्रकार रामा देवी से मिलता था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। रिविलगंज थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराने के बाद रामा देवी के को सौंप दिया। परिजनों ने उक्त शव का दाह-संस्कार करने के बाद 11 जून को श्राद्ध कर्म भी कर दिया।
लेकिन यह क्या ? 22 जून की सुबह रामा देवी स्वत: अपने घर भादपा नया बस्ती आ गयी। रामा देवी को जीवित देख घर-परिवार, आसपास तथा गांव वाले सकते में आ गए। रामा देवी बिना किसी को बताये अपने मायके कोलकाता चली गयी थी। लगभग एक माह बाद वापस लौट आयी।
परिजनों ने बताया कि नदी से जिस महिला की लाश मिली थी, वह शव अधगल व क्षत-विक्षत थी, जिसके कारण पहचानने में चूक हो गई थी। सवाल है कि वह किस महिला का शव था। रामा देवी का अभी मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बना है।
