तेलंगाना के हैदराबाद के जीडीमेटला इलाके में 16 साल बेटी ने अपनी 39 वर्षीय मां एस. अंजलि की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने अपने प्रेमी से चेक करवाया कि माँ कन्फर्म मर गयी न ?
बालानगर एसीपी पी. नरेश रेड्डी के अनुसार अंजलि की छोटी बेटी द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद हत्या का मामला प्रकाश में आया। उसने आरोप लगाया कि उसकी बड़ी बहन, उसके प्रेमी और उसके भाई के साथ मिलकर अपनी मां की हत्या के लिए जिम्मेदार हैं। दो नाबालिगों सहित सभी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
महत्वपूर्ण है कि एस. अंजलि तेलंगाना सरकार की सांस्कृतिक योजना से जुड़ी थीं। वे लोकगायिका थीं। वे ‘कला सारथी’ में हस्तशिल्प का काम करती थीं। वह एससी/एसटी सेल और महिला अधिकारों के लिए भी काम करती थीं।
पुलिस के अनुसार आरोपी लड़की कक्षा 10वीं की छात्रा है। दिसम्बर महीने में उसकी दोस्ती इंस्टाग्राम पर प्रेमी से हुई थी। वह डीजे है । दोस्ती बाद में प्यार में बदल गयी। डीजे नालगोंडा जिले का रहने वाला है। एक सप्ताह पहले वह अपने डीजे के साथ भाग गई थी। मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई तो वह तीसरे दिन प्रेमी के दादा दादी के घर से बरामद हुई थी। इस वजह से लड़की अपनी मां से नाराज थी। मां ने उसके रिश्ते पर आपत्ति जताई थी, इसीलिए उसने अपने प्रेमी को अपनी मां की हत्या करने के लिए राजी किया।
मृतका अंजलि की बहन ने कहा कि शुरुआती गला घोंटने से उसकी मौत नहीं हुई थी, लेकिन बेटी ने अपने प्रेमी और उसके भाई को वापस बुलाया, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उसकी मां मर चुकी है। इस बार आरोपियों ने उसके चेहरे और सिर पर हथौड़े से वार किया।
जीडीमेटला के पुलिस इंस्पेक्टर जी. मल्लेश ने मीडिया को बताया कि अंजलि दो बेटियों की मां थी। आरोपी नाबालिग लड़की दोनों में बड़ी है।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि प्रेमी भी उसके स्कूल सर्टिफिकेट से नाबालिग है या नहीं। उसके आधार कार्ड पर उसकी उम्र 18 साल से अधिक बताई गई है, लेकिन कोर्ट में आधार कार्ड मान्य नहीं है। दोनों नाबालिगों को रिमांड होम में भेजा जाना है।
बताया जाता है कि जीदीमेटला पुलिस थाना अंतर्गत मेडचल में जब उसकी मां अंजलि अपने घर में पूजा कर रही थी। तब तीनों ने कथित तौर पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। जिस आरोपी बेटी की बात हो रही है, वह अंजलि की पहली शादी से है। उसके पिता की 15 साल पहले आत्महत्या से मृत्यु हो गई थी, जबकि अंजलि के दूसरे पति की हाल ही में एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।
