इक़बाल मिर्ची के पड़ोसी ने हड़प ली इक़बाल मिर्ची की रोशन टॉकीज, ED के कब्जे में थी टॉकीज, FIR दर्ज

 

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने साल 2019 में ड्रग्स तस्कर और दाऊद इब्राहीम के साथी इकबाल मिर्ची और उसके सहयोगियों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की। जांच के एक साल बाद साल 2020 में गिरगांव की रोशन टॉकीज सहित कई संपत्तियां जब्त की गईं। प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत ED संपत्ति पर कब्जा लेना चाहता था, लेकिन मिर्ची के रिश्तेदारों ने अपीलीय न्यायाधिकरण से स्टे ले लिया। तब से यह मामला ट्राइब्यूनल में लंबित है। इस बीच इकबाल मिर्ची के एक साथी अब्दुल कादर अली मोहम्मद ने रोशन टाकीज को अपना बताकर ढहा दिया और उसे 15 करोड़ रुपये में बेचने की कोशिश की। ED ने अब अब्दुल कादिर अली मोहम्मद के खिलाफ FIR दर्ज कराई है।

इकबाल मिर्ची का बेटा मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी है और अभी फरार है। उसने ट्राइब्यूनल के सामने एक अर्जी दाखिल की। अर्जी में उसने परिसर से अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की। उसने ED से संपत्ति पर कब्जा लेने का भी अनुरोध किया। ED को रोशन टॉकीज गिराए जाने के बारे में तब पता चला जब मिर्ची के बेटे ने अर्जी दाखिल की। इकबाल मिर्ची का परिवार अदालत में अपने वकील के जरिए से मामले को लड़ रहा है। ED ने पहले इकबाल मिर्ची की 979 करोड़ रुपये की पांच अचल और चल संपत्तियां जब्त की थीं। ये सारी प्रॉपर्टीज मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जब्त हुई थीं। जब्त की गई प्रॉपर्टीज में रोशन टॉकीज भी शामिल है।

ED ने दक्षिण मुंबई के वीपी रोड पुलिस स्टेशन में अब्दुल कादर अली मोहम्मद के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। ED का आरोप है कि अब्दुल कादर अली मोहम्मद ने गिरगांव स्थित इकबाल मिर्ची की न्यू रोशन टॉकीज को दो साल पहले तोड़ दिया था। इतना ही नहीं उसने टॉकीज तोड़ने के बाद प्लॉटिंग की और इसे 15 करोड़ रुपये में बेचने की कोशिश की, जबकि संपत्ति ED के कब्जे में थी।

अब्दुल कादर अली मोहम्मद ने प्रॉपर्टी को अपने नाम पर ट्रांसफर कर लिया था। इकबाल मिर्ची के बहनोई मुख्तार पटका कोविड-19 महामारी के दौरान थिएटर बंद होने तक इसे मैनेज करते थे। मुख्तार पटका ने ED को बताया कि उन्होंने अब्दुल को अटैच किए गए स्ट्रक्चर को गिराने के खिलाफ चेतावनी दी थी। FIR में कहा गया है कि अब्दुल कादर अली मोहम्मद साल 1965 से इकबाल मिर्ची को जानता था। वह इक़बाल मिर्ची का पड़ोसी है। 1982 में उनके एक कॉमन फ्रेंड मुमताज पहलवान ने सुझाव दिया कि वे ज्वाइंट रूप से थिएटर खरीदें। इसे लेकर दोनों में बात हुई। कुल 6 लाख रुपये में संपत्ति खरीदने का सौदा तय हुआ। अब्दुल कादर अली मोहम्मद ने दावा किया कि उसने अपने बैंक खाते से 5.4 लाख रुपये ट्रांसफर किए।

ED ने पुलिस शिकायत में अब्दुल पर समझौते का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। ED ने कहा कि अब्दुल ने संपत्ति को अपने नाम पर ट्रांसफर कर लिया। ED का यह भी कहना है कि अब्दुल यह दिखाने में विफल रहा कि उसने यह प्रॉपर्टी खरीदी थी। वह रुपयों का लेनदेन भी नहीं दिखा पाया।

4 Thoughts to “इक़बाल मिर्ची के पड़ोसी ने हड़प ली इक़बाल मिर्ची की रोशन टॉकीज, ED के कब्जे में थी टॉकीज, FIR दर्ज”

Leave a Comment