बिछड़े प्रेमियों को 24 घंटे में मिलानेवाले ‘इरफ़ान खानजी’ ने मुंबई में ठगे 16 लाख रुपये, राजस्थान से गिरफ्तार

 

बिछड़े प्रेमी-प्रेमिकाओं को 24 घंटे में मिलाने वाले, टूटे दिलों को जोड़ने वाले ‘इरफ़ान खानजी’ को ठगी के आरोप में मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। इरफ़ान खानजी का असली नाम विकास मनोज कुमार मेघवाल (21) और मनोज श्यामसुंदर नागपाल (30) मालूम पड़ा है। इन आरोपियों ने इसी तरह हैदराबाद और दिल्ली में कई लड़कियों के साथ ठगी की है।

मुंबई में रहनेवाली एक युवती का ब्रेकअप हो गया था। वह अपना टूटा प्यार वापस पाने की कोशिश कर रही थी। तभी उसने इंस्टाग्राम पर ‘इरफ़ान खानजी’ का विज्ञापन देखा। ऐसे विज्ञापन सार्वजनिक शौचालय और ट्रेन के डिब्बों में देखने को मिलते हैं। इरफ़ान खानजी ने बिछड़े प्रेमी प्रेमिकाओं को 24 घंटे में गारंटी कार्ड के साथ जोड़ने का वादा किया था। इरफ़ान खानजी खुद को टूटे दिलों को जोड़ने का स्पेशलिस्ट बताते थे। युवती उनके झांसे में आ गयी। युवती ने इंस्टाग्राम पर ‘इरफान खानजी’ से बात की। इरफ़ान खानजी ने 24 घंटे के अंदर उसे उसका प्यार वापस दिलाने का आश्वासन दिया।

युवती ने अपने प्यार को दोबारा हासिल करने की उम्मीद से इरफान खानजी को अपना मोबाइल नंबर दे दिया। इरफ़ान खानजी ने खुद को पादरी बताते हुए युवती को फोन किया और उसे यकीन दिलाया कि कुछ अनुष्ठान (पूजा-पाठ) करने से उसे उसका प्यार वापस मिल जाएगा। इरफ़ान खानजी उर्फ़ पादरी ने युवती से कहा कि इस अनुष्ठान में चांदी के घड़े, सोने के दिए और सोने की फाइल, सोने के नाखून और कुछ पौधे लगेंगे। इसके लिए पैसे किसी तीसरी पार्टी के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर करने होंगे और सोना लेने के लिए एक व्यक्ति खुद उसके घर आएगा।

इरफ़ान खानजी का एक आदमी युवती के घर गया। युवती और उसकी मां ने उसे 129 ग्राम सोना समेत 3.2 लाख रुपये दे दिए। कुल राशि 16.2 लाख रुपये की होती है। इसके बाद इरफ़ान खानजी का मोबाइल नंबर बंद हो गया। खुद को ठगा महसूस करने पर युवती की मां ने स्थानीय पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी की FIR दर्ज करा दी। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने जांच शुरू की तो युवती ने सब सच बता दिया। यह मामला चोरी का नहीं था। प्यार वापस पाने का था।

पुलिस ने जब आरोपियों का फोन नंबर ट्रेस किया तो इसका पता राजस्थान के गंगानगर का निकला। पुलिस ने वहां जाकर दोनों आरोपियों- विकास मनोज कुमार मेघवाल (21 साल) और मनोज श्यामसुंदर नागपाल (30 साल)- को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से 13 लाख का सोना और 3.18 लाख रुपये नकद मिला है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने इसी तरह हैदराबाद और दिल्ली में कई लड़कियों को अपना शिकार बनाया है। पुलिस ने आरोपियों के इंस्टाग्राम अकाउंट्स, सिम और बैंक अकाउंट भी अपने कब्जे में ले लिए हैं।

4 Thoughts to “बिछड़े प्रेमियों को 24 घंटे में मिलानेवाले ‘इरफ़ान खानजी’ ने मुंबई में ठगे 16 लाख रुपये, राजस्थान से गिरफ्तार”

Leave a Comment