गायक आदित्य राम शंकर के खिलाफ बलात्कार की FIR दर्ज

आदित्य राम शंकर

मुंबई की जुहू पुलिस ने गायक और संगीतकार आदित्य राम शंकर के खिलाफ शादी का झूठा वादा कर एक महिला का कथित रूप से यौन शोषण करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत केस दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार लगभग एक वर्ष पहले उसकी पहचान एक साझा मित्र के माध्यम से आदित्य राम शंकर से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी। इसके बाद आरोप है कि आरोपी उसे जुहू के एक होटल में ले गया और शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

महिला ने आरोप लगाया है कि आदित्य राम शंकर लंबे समय तक उससे शादी का भरोसा दिलाकर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। हालांकि, जब भी वह शादी की बात करती थी, आदित्य राम शंकर स्पष्ट जवाब देने से बचता था।

शिकायत के अनुसार, इस वर्ष 25 मई को महिला ने एक बार फिर आदित्य राम शंकर और उसके परिवार से शादी की योजना के बारे में पूछा। तब कथित रूप से उसे बताया गया कि शादी संभव नहीं है क्योंकि वह अलग जाति से संबंध रखती है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि तब उसे एहसास हुआ कि उसके साथ धोखा हुआ है और शादी का झूठा वादा करके उसका बार-बार शारीरिक शोषण किया गया। उसकी शिकायत के आधार पर जुहू पुलिस ने BNS की धारा 69 के तहत FIR दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment