उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के इटवां डुडैला गांव में एक महिला ने अपने 3 बच्चों के साथ जहर खाकर आत्महत्या कर ली। महिला ने अपने पति से गुटखा खाने के लिए पैसे मांगे जिस पर विवाद हो गया। घटना में मां और दो बेटियों की मौत हो गई, जबकि एक बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने बताया ज्योति यादव (25) ने अपने पति बब्बू यादव से गुटखा खाने के लिए पैसे मांगे। इस पर दोनों के बीच दोपहर में तीखी कहासुनी हो गई। बब्बू यादव ने पत्नी को डांट दिया। बब्बू यादव टेम्पो चलाता था। वह टेम्पो लेकर मझगवां चला गया। इधर ज्योति ने अपने तीन बच्चों को जहर खिला दिया। इसमें उसका पांच साल का बेटा, चार साल की बेटी और एक साल की एक बेटी शामिल थी। तीनों को जहर खिलाने के बाद उसने गुस्से में खुद भी जहर खा लिया।
बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी उनके घर पहुंचे। सभी को तत्काल मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। यहां छोटी बेटी बुलबुल की मौत हो गयी। बाकी की गंभीर हालत को देखते हुए सभी को मध्य प्रदेश के सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं सतना जिला अस्पताल में ज्योति यादव और उसकी बेटी चंद्रमा यादव (4) की भी मौत हो गई। एकमात्र जीवित बचा बेटा दीपचंद्र यादव (5) अभी भी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
मारकुंडी थाना प्रभारी श्याम पटेल इटवां डुडैला गांव पहुंचे। आत्महत्या के कारणों का पता लगाया और आगे की जांच कर रहे हैं।
