पति ने घर पर मुर्गा पकाया और शराब पी तो शाकाहारी पत्नी ने आत्महत्या कर ली

 

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक व्यक्ति ने घर पर मुर्गा पकाया और शराब पी तो उसकी शाकाहारी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस केस से बचने के लिए पति ने उसकी लाश को गंगा नदी में फेंक दी और उसके गायब होने की शिकायत कर दी। पुलिस ने पति सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के गांव मेहरपुर वंशीवाला का है। थाना रेहरा के सीओ दीप कुमार पंथ ने मीडिया को बताया कि पति निगम सिंह ने घर में मुर्गा बनाया और शराब भी पी। इस पर पति-पत्नी के बीच मारपीट हो गयी थी। इससे आहत रीना सिंह ने 20 अगस्त को घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। निगम सिंह ने खुद को बचाने के चक्कर में रीना सिंह (21) के शव को अपने भाई और परिजनों की मदद से मिट्टी में बांधकर घर से 3 किलोमीटर दूर गंगा नदी में बहा दिया और अगले दिन थाना रेहरा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी।

रीना सिंह (21) का मायका आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव कोकापुर में था। रीना सिंह की शादी करीब दस माह पहले रहरा थाना क्षेत्र के गांव वंशीवाला मेहरपुर निवासी निगम के साथ हुई थी। रीना सिंह की मां कौशल्या सिंह की शिकायत पर पति निगम, सास, ससुर सुरेश, जेठ महकार और तहेरे भाई बिजेंद्र के खिलाफ पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने निगम सिंह को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने निगम सिंह समेत सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस शव की तलाश में अभी भी जुटी है।

Leave a Comment