252 करोड़ के ड्रग्स केस में सोशल मीडिया इंफ्ल्यूएसर ओरी को सम्मन

ओरी

मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने 252 करोड़ रुपये ड्रग्स के मामले में सोशल मीडिया इंफ्ल्यूएसर ओरी उर्फ़ ओरहान उर्फ़ ओरहान अवात्रामणि को सम्मन भेजा है। पुलिस ने ओरी को कल (20 नवंबर 2025 को) 10 बजे एंटी नारकोटिक्स सेल के घाटकोपर यूनिट में पेश होने को कहा है। ओरी एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हैं जिन्हें अक्सर बॉलीवुड सेलेब्स के साथ एंजॉय करते देखा जाता है।

ओरी को जिस मामले में पुलिस ने समन भेजा है वह साल 2024 का है। जब मुंबई पुलिस ने सांगली जिले के एक खेत में स्थित मेफेड्रोन-निर्माण सुविधा से लगभग ₹252 करोड़ की कीमत का 126.14 किलोग्राम मेफेड्रोन जब्त किया था। इसी मामले में पुलिस ने पिछले महीने दुबई से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद मोहम्मद सलीम मोहम्मद सुहैल शेख को गिरफ्तार किया। शेख ने मुंबई पुलिस के सामने कबूल किया कि उसने भारत और विदेशों में मशहूर हस्तियों के लिए ड्रग्स पार्टियां आयोजित की थीं।

मोहम्मद सलीम मोहम्मद सुहैल शेख ने दावा किया था कि उसने पहले नोरा फतेही, श्रद्धा कपूर और उसके भाई सिद्धार्थ कपूर, NCP नेता जीशान सिद्दीकी, ओरी उर्फ ओरहान, अब्बास मस्तान, रैपर लोका, दाऊद इब्राहीम के भांजे अली शाह तथा अन्य कई व्यक्तियों के साथ देश और विदेश में ड्रग पार्टियों का आयोजन किया था। मोहम्मद सलीम मोहम्मद सुहैल शेख ने ये भी माना था कि उसने खुद उन पार्टियों में शामिल होकर इन और अन्य लोगों को ड्रग्स की आपूर्ति की थी। अब पुलिस इन दावों की जांच कर रही है और इसी सिलसिले में ओरी को समन भी जारी किया गया है।

अपने बचाव में नोरा फतेही ने इंस्टाग्राम पर लिखा था- ‘आपकी जानकारी के लिए, मैं पार्टियों में नहीं जाती। मैं लगातार काम कर रही हूं। मेरी कोई पर्सनल लाइफ है ही नहीं। मैं खुद के ऐसे लोगों से नहीं जोड़ती। अगर मैं छुट्टी लेती हूं, तो अपने दुबई वाले घर या फिर करीबी लोगों के साथ वक्त बिताना पसंद करती हूं। मुझे लग रहा कि मेरा नाम आसान टार्गेट है। लेकिन मैं ये सब फिर से नहीं होने दूंगी।’

नोरा ने आगे लिखा था- ‘लोगों ने मुझे बर्बाद करने की कोशिश की, झूठ बोले थे लेकिन कुछ काम नहीं आया। जब लोग मेरे नाम पर कीचड़ उछाल रहे थे। मैं चुप रही थी। लेकिन अब मेरी फोटोज और नाम को ऐसे मामलों से दूर रखिए, जिनसे मेरा कोई लेना देना नहीं है। ये बहुत महंगा पड़ सकता है।’

Leave a Comment