राजन दुबे
ठाणे ग्रामीण की कल्याण तालुका (टिटवाला) पुलिस ने एक उत्तर भारतीय नेता और उसके 25 समर्थकों के खिलाफ FIR दर्ज की है। उत्तर भारतीय ‘नेताओं’ पर आरोप है कि इन्होंने पुलिस टीम के साथ धक्कामुक्की की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस टीम फरार आरोपी कौशल हीरानंद झा को पकड़ने गयी थी।
बता दें कि 19 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि 12.30 बजे कल्याण के वरप गांव में सार्वजनिक महिला मंडल का नवरात्रौत्सव (हवन) का कार्यक्रम था। तभी तीन मोटरसाइकिल पर आठ लोग आए और तलवार दिखाकर सबको दहशत में डाल दिया। एक व्यक्ति चेतन पाल को घायल कर दिया। राहुल गोंधले और नितिन चौधरी को तलवार से धमकाया। कई कारों, ऑटो रिक्शा और कुर्सियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। राहुल गोंधले की शिकायत पर टिटवाला पुलिस ने प्रत्युष जाधव, विनायक मदने, रोशन चौधरी, दीपेश लोखंडे, महेश जैस्वार, आयुष पांडे और दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
टिटवाला पुलिस के साथ-साथ कल्याण क्राइम ब्रांच भी मामले की समानान्तर जांच कर रही है। इस बीच क्राइम ब्रांच के उपनिरीक्षक (PSI) भाऊसाहेब गायकवाड़ को इन्फॉर्मेशन मिली कि एक फरार आरोपी कौशल हीरानंद झा काम्बा गांव, कल्याण के महाराजा चायवाला दुकान में देखा गया है। भाऊसाहेब गायकवाड़ अपने क्राइम ब्रांच के कॉन्स्टेबल सतीश कोली, हेमंत विभूते, शशिकांत पाटिल और टिटवाला पुलिस स्टेशन के सिपाही हरिश्चंद्र झांजे, कुणाल बावदाने और धनञ्जय गूजर के साथ 20 अक्टूबर 2026 की रात 8 बजे काम्बा गांव पहुँच गए। कौशल झा उन्हें महाराजा चायवाला के यहाँ मिल गया। पुलिस टीम कौशल झा से पूछताछ कर रही थी कि वह गुस्से में आ गया। कौशल झा ने PSI भाऊसाहेब गायकवाड़ से कहा कि- ‘तुम मुझे जानबूझ कर परेशान कर रहे हो, मैं तुम्हें छोडूंगा नहीं।’
कौशल झा की धमकी भरी आवाज़ सुनकर महाराजा चायवाला दुकान के अंदर से राजन दुबे अपने 20-25 साथियों के साथ निकला। राजन दुबे ने बताया कि वह एक बड़ी पार्टी का कार्यकर्ता है। बहुत महंगा पड़ेगा। राजन दुबे के ‘नेतृत्व’ में सभी 20-25 लोग पुलिस टीम से उलझ गए। उनसे धक्कामुक्की की, उन्हें गालियां दीं और जान से मार डालने की धमकी दी।
बावजूद इसके पुलिस टीम कौशल झा को अपनी प्राइवेट गाड़ी में बैठाकर पुलिस स्टेशन ले जा रही थी तो राजन दुबे और उसके साथियों ने पुलिस टीम का बहुत दूर तक पीछा किया। इस बीच कौशल झा ने पुलिस गाड़ी में कांस्टेबल कुणाल बावदाने और धनंजय गूजर से गाली-गलौज की, धक्कामुक्की की, धमकी दी कि तुम्हारी नौकरी ले लूंगा और तुमको देख लूँगा। कौशल झा ने गाड़ी की सीट पर अपना सर पटककर खुद को घायल कर दिया।
PSI भाऊसाहेब गायकवाड़ की शिकायत पर राजन दुबे, कौशल झा सहित 25 लोगों के खिलाफ 20 अक्टूबर 2026 को BNS-2023 की धारा- 121, 132, 186(2), 190, 191(2), 351(2) और 352 के तहत FIR (संख्या-0759/2026) दर्ज की है। FIR की कॉपी ABI (abinewz.com ) के पास मौजूद है।
राजन प्रदीप दुबे डोम्बिवली में रहता है। ब्याज पर पैसा देने का उसका धंधा है। हालिया संपन्न कल्याण-डोम्बिवली महापालिका (KDMC) चुनाव में उसकी पत्नी आराध्या ने शिवसेना (UBT) पार्टी से वार्ड क्रमांक- 17 से चुनाव लड़ा था। राजन दुबे के भाई पंकज दुबे की हाल ही में अजीत सिंह ने डोम्बिवली में जबरदस्त पिटाई कर दी थी।
गिरफ्तार कौशल झा का भाई रोशन झा हार्डकोर क्रिमिनल है और इस वक्त उल्हासनगर से तड़ीपार चल रहा है।
