अश्लील वीडियो के जरिए चार करोड़ रुपये की ब्लैकमेलिंग, महिला गिरफ्तार

 

मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की यूनिट-7 ने अश्लील वीडियो चैटिंग के जरिए ब्लैकमेल कर घाटकोपर के एक व्यक्ति से करीब चार करोड़ रुपये वसूलने के आरोप में नाजिया महमूद शेख उर्फ नाजनीन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 18 अक्टूबर को घाटकोपर पश्चिम स्थित एलबीएस मार्ग के आर.के. रेस्टोरेंट में पांच लाख रुपये की रंगदारी लेते नाजिया महमूद शेख को रंगेहाथ पकड़ लिया। नाजिया महमूद शेख दक्षिण मुंबई के भेंडी बाजार इलाके की रहने वाली है।

इस मामले में शिकायतकर्ता एक सोने-चांदी की दुकान में मैनेजर के रूप में काम करते हैं। आरोप है कि दिसंबर 2024 से जनवरी 2025 के बीच नाजिया महमूद शेख ने अश्लील वीडियो प्रसारित कर बदनाम करने की धमकी दी थी। नाजिया महमूद शेख ने धमकी दी कि मांगी गई रकम नहीं देने पर शिकायतकर्ता के हाथ-पैर तोड़ दिए जायेंगे और जान से मार दिया जाएगा।

आरोप है कि इन धमकियों के जरिए नाजिया महमूद शेख ने शिकायतकर्ता से करीब चार करोड़ रुपये वसूले।

शिकायत मिलने के बाद मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की यूनिट-7 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल ढोले, पुलिस निरीक्षक प्रदीप सरफरे, सहायक पुलिस निरीक्षक धनाजी साठे और महेश शेलार तथा पुलिस उपनिरीक्षक अजय गोल्हार और नामदेव परबकर ने 18 अक्टूबर 2026 को घाटकोपर पश्चिम स्थित एलबीएस रोड के आर.के. रेस्टोरेंट में पांच लाख रुपये लेते समय नाजिया महमूद शेख को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में घाटकोपर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 1253/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) और 308(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Comment