‘जिसकी लाठी, उसकी भैंस’ नहीं, जिसने बताया उम्र 4.6 साल, उसकी भैंस : गयी भैंस दीवानी में !!

 

कहावत है कि ‘जिसकी लाठी, उसकी भैंस।’ परन्तु राजस्थान में भैंस के मालिकाना विवाद में ‘जिसकी लाठी, उसकी भैंस’ कहावत झूठी हो गयी। जिसने भैंस की उम्र 4.6 साल बताई, भैंस उसकी हो गयी।

हेड कॉन्स्टेबल नरेंद्र सिंह के अनुसार विवाद की जड़ बालिता रोड निवासी इंद्रजीत केवट की चार महीने पहले गुम हुई भैंस से जुड़ी है। इंद्रजीत ने अपनी भैंस की काफी तलाश की थी लेकिन वह नहीं मिली। अचानक दो दिन पहले एक भैंस उसके बाड़े में आ गई, जिसे उसने अपनी खोई हुई भैंस मानकर बांध लिया। इसी बीच रामलाल मेघवाल वहां पहुंचे और दावा किया कि यह भैंस उनकी है जो दो दिन पहले ही गुम हुई थी। रामलाल भैंस को जबरन ले गए, जिससे विवाद ने कानूनी रूप ले लिया। इस पर इंद्रजीत ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। दोनों पक्षों ने मंदिर में जाकर कसम भी खाई कि भैंस उनकी है।

यह मामला शनिवार को राजस्थान के कोटा जिले के कुन्हाड़ी पुलिस स्टेशन में पहुंचा। दोनों पक्ष यहां भी दावा कर रहे थे कि भैंस उनकी है। उसका बच्चा (पंडवा) भी उनका है। पुलिस शुरुआत में ‘जिसकी लाठी, उसकी भैंस’ के फॉर्मूले के तहत न्याय करना चाही। विफल रही। और भी हथकंडे अपनाये परन्तु सब फेल।

फिर थाना अधिकारी कौशल्या गालव ने भैंस और उसके बच्चे को गाड़ी में लोड करवाकर पुलिस स्टेशन मंगवा लिया। कौशल्या गालव ने दोनों पक्षों से भैंस की उम्र पूछी। यहीं से मामले में निर्णायक मोड़ आया। पहला पक्ष बालिता रोड निवासी इंद्रजीत केवट ने दावा किया कि भैंस उसकी है और उसकी उम्र 7 साल है। दूसरा पक्ष रामलाल मेघवाल ने भैंस को अपना बताते हुए उसकी उम्र 4.6 साल बताई। इस पर कौशल्या गालव ने मौखापाड़ा स्थित पशु चिकित्सालय से डॉक्टरों की टीम बुला ली। डॉक्टरों ने भैंस का शारीरिक परीक्षण (मेडिकल) किया। मेडिकल रिपोर्ट में भैंस की उम्र 4 से 5 साल के बीच पाई गई। चिकित्सकों की इस रिपोर्ट ने रामलाल मेघवाल के दावे की पुष्टि कर दी, जबकि इंद्रजीत का दावा गलत साबित हुआ। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर भैंस और उसके बच्चे को रामलाल मेघवाल के सुपुर्द कर दिया।

थाना अधिकारी कौशल्या गालव ने कहा, “दोनों पक्षों में विवाद बढ़ रहा था, इसलिए निष्पक्ष जांच के लिए मेडिकल का सहारा लिया गया। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भैंस असली मालिक को सौंप दी गई है।”

2 Thoughts to “‘जिसकी लाठी, उसकी भैंस’ नहीं, जिसने बताया उम्र 4.6 साल, उसकी भैंस : गयी भैंस दीवानी में !!”

Leave a Comment