दक्षिण मुंबई स्थित मुंबई सेंट्रल के जगजीवन राम अस्पताल में एक महिला डॉक्टर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गईं। मृतक की पहचान डॉ. अनुजा कुलकर्णी के रूप में हुई है, जो अविवाहित थीं और अस्पताल के ईएनटी (कान, नाक और गला) विभाग में कार्यरत थीं। अस्पताल पश्चिम रेलवे संचालित करता है।
यह घटना बुधवार को तब सामने आई जब डॉ. अनुजा कुलकर्णी अपनी निर्धारित सर्जरी के लिए ऑपरेशन थिएटर में नहीं पहुंचीं। उस दिन डॉ. अनुजा कुलकर्णी की कई सर्जरी निर्धारित थीं। जब वह तय समय पर ऑपरेशन थिएटर नहीं पहुंचीं तो सहकर्मियों को चिंता हुई और उन्होंने कई बार फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद एक जूनियर डॉक्टर अस्पताल परिसर की चौथी मंजिल पर स्थित उनके कमरे में देखने गया। दरवाजे पर कई बार दस्तक देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो डॉक्टर ने दरवाजे के कांच वाले हिस्से से अंदर देखा और पाया कि डॉ. अनुजा कुलकर्णी कुर्सी के पास फर्श पर पड़ी हुई थीं।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि जिस कमरे में उनका शव मिला, उसका दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे इस घटना को लेकर रहस्य और गहरा गया है। फ़िलहाल ताड़देव पुलिस ने आकस्मिक मौत (ADR) का मामला दर्ज किया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सर जे.जे. अस्पताल भेजा गया और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने जांच में मदद के लिए अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों, खासकर चौथी मंजिल के कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में ले ली है।
