रोटरैक्ट क्लब ऑफ बी. के. बिरला कॉलेज द्वारा 21 एवं 22 अप्रैल 2026 को “प्रोजेक्ट ईकोवेव” के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु विशेष अभियान आयोजित किया गया। इस दो दिवसीय अभियान का उद्देश्य समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा लोगों को सतत जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का प्रथम चरण 21 अप्रैल को बदलापुर स्थित दीपाआशीष परिसर, मोहन तुलसी विहार के समीप आयोजित किया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों द्वारा वृक्षारोपण अभियान चलाते हुए 100 पौधे लगाए गए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए दीवार चित्रकला भी की गई। “कीप अर्थ क्लीन” जैसे संदेशों के माध्यम से स्वच्छता एवं प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक रूप से विभिन्न गतिविधियां संपन्न कीं।
अभियान का दूसरा चरण 22 अप्रैल को कांदिवली स्थित नेबरहुड सीएचएसएल में आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम क्लीन-अप मुंबई एवं अव्रो रीसाइक्लिंग के सहयोग से संपन्न हुआ। पर्यावरण कार्यकर्ता आसिफ हिंदुस्तानी के मार्गदर्शन में स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान चलाकर 15 से अधिक बैग कचरा एकत्र किया तथा क्षेत्र की सफाई की। अभियान के दौरान प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई।
इसके पश्चात गूगल मीट के माध्यम से ऑनलाइन जागरूकता सत्र आयोजित किया गया, जिसमें सुशील कुमार अग्रवाल ने कचरा प्रबंधन, रीसाइक्लिंग तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।
प्रोजेक्ट ईकोवेव में विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रोटरैक्ट क्लबों ने भी सहभागिता निभाई। रोटरैक्ट क्लब ऑफ एक्रोपोलिस रॉयल्स, आरआईडी 3040 द्वारा इंदौर में स्वच्छता अभियान चलाकर लगभग 6 से 7 किलोग्राम कचरा एकत्र किया गया तथा विजय नगर स्थित सिटी फॉरेस्ट में 45 पौधों का रोपण किया गया।
वहीं, रोटरैक्ट क्लब ऑफ फर्स्ट टेक्निकल यूनिवर्सिटी, इबादान, आरआईडी 9126 द्वारा स्वच्छता अभियान के अंतर्गत 95 से अधिक प्लास्टिक बोतलें रीसाइक्लिंग हेतु एकत्र की गईं। क्लब द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत 26 पेड़ एवं 19 पौधे लगाए गए तथा 15 पौधों का वितरण भी किया गया।
इसके अतिरिक्त रोटरैक्ट क्लब ऑफ धरान घोपा, आरआईडी 3292 द्वारा स्वच्छता अभियान चलाकर लगभग 6 किलोग्राम कचरा एकत्र किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु बरगद, पीपल, जामुन, आंवला एवं अमरूद सहित 40 पौधों का रोपण किया गया।
प्रोजेक्ट ईकोवेव ने समाज को यह संदेश दिया कि सामूहिक प्रयासों एवं जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण अनुकूल भविष्य का निर्माण संभव है।
