‘DM तनखइया हैं, इनसे जूते साफ कराऊंगा’ वाले बयान पर सपा नेता आज़म खान दोषी करार

 

डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (DM) पर आपत्तिजनक टिप्पणी वाले मामले में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता आजम खान दोषी करार दिए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी, सुनवाई पूरी होने और गवाहों के बयान होने के बाद अब कोर्ट ने फैसला सुनाया है। रामपुर की एमपी एमएलए विशेष अदालत मैजिस्ट्रेट ट्रायल श्री शोभित बंसल की अदालत ने आजम खान को दोषी करार दिया है।

ये मामला साल 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान भोट थाना क्षेत्र का है। उस समय आजम खान रामपुर सीट से सपा के उम्मीदवार थे। एक रोड शो के दौरान आजम खान ने वहां के तत्कालीन DM पर निशाना साधते हुए कहा था कि ‘ये तनखइया हैं, इनसे मत डरियो, उन्हीं के साथ गठबंधन है जो जूते साफ करा लेती हैं, इंशा अल्लाह चुनाव बाद इनसे जूते साफ कराऊंगा।’ इसके साथ ही उन्होंने मायावती के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा था कि “बड़े-बड़े अफसर जूते साफ करते नजर आए थे” और चुनाव के बाद अधिकारियों से जूते साफ करवाने जैसी टिप्पणी भी की थी।

वीडियो वायरल होने के बाद चुनाव आयोग ने आजम खान पर संज्ञान लिया और राज्य निर्वाचन आयोग से रिपोर्ट तलब की। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए। तत्कालीन जिलाधिकारी एवं वर्तमान में कमिश्नर मुरादाबाद आन्जनेय कुमार सिंह के आदेश पर तत्कालीन SDM टांडा एवं चमरौआ विस क्षेत्र के ARO घनश्याम त्रिपाठी ने भोट थाने में केस दर्ज कराया।

रामपुर के एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रहे इस मामले में सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने आज़म खान को दोषी ठहराते हुए 2 साल जेल और 20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।

एक अन्य जुर्म में आजम खान फ़िलहाल रामपुर जेल में बंद हैं।

Leave a Comment