गुजरात की अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने अहमदाबाद में सीरियल ‘मोटी बानी नानी बहू’ की शूटिंग कर रहे हेमंत मोदी नामक एक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। हेमंत मोदी एक वकील है, जिसे 2008 में हत्या के एक मामले में उम्रकैद की सज़ा मिली थी। छह साल बाद पैरोल मिलने पर वह भाग गया। वह मुंबई जाकर एक्टर बन गया और कई फ़िल्मों, टीवी सीरियल्स और वेब सीरीज-तस्करी में काम कर चुका था। महत्वपूर्ण कि वह अमिताभ बच्चन के साथ ‘ठग्स ऑफ़ हिंदुस्तान’ फिल्म में काम कर चुका है।
घटनाक्रम के अनुसार हेमंत नगीनदास पुरुषोत्तमदास मोदी अहमदाबाद के नरोदा के सैजपुर बोघा में दासकी चॉल में रहता था। 12 जून, 2005 को अपने एक पड़ोसी के साथ झगड़े के बाद, उसने अपने भाई और दोस्तों के साथ मिलकर अपने पड़ोसी के दोस्त नरेंद्र उर्फ़ नैनो यशवंत कांबले की हत्या कर दी थी। चूंकि हेमंत मोदी खुद एक वकील था, इसलिए उसने अपने साथ गिरफ़्तार किए गए सात लोगों का केस लड़ा। लेकिन 2008 में तीन साल तक चले मुकदमे के बाद कोर्ट ने हेमंत मोदी समेत सभी सातों लोगों को उम्रकैद की सजा सुना दी।
हेमंत मोदी ने तत्कालीन जेलर केशव कुमार के ख़िलाफ़ याचिका दायर की और शिकायत की कि वह डिप्रेशन में हैं। बाद में उसे अहमदाबाद की साबरमती जेल से मेहसाणा जेल में स्थानांतरित कर दिया गया। अदालत के फैसले के छह साल बाद मेहसाणा जेल में बंद हेमंत को गुजरात उच्च न्यायालय से 30 दिन की पैरोल मिली। पैरोल के बाद वह मुंबई भाग गया और एक अभिनेता के रूप में अपना करियर बनाने लगा। मुंबई में इसने अपना नाम ट्विंकल मुकुंद दवे और स्वप्निल मोदी रख लिया। उसने अपना हेयरस्टाइल भी बदल लिया। उसने फ़िल्मों, टीवी सीरियल्स और वेब सीरीज में काम करना शुरू कर दिया। साउथ फिल्मों के साथ-साथ उसने गुजराती फिल्मों में भी काम किया, लेकिन किसी ने उसने नहीं पहचाना इसलिए उसकी हिम्मत बढ़ती गई। हेमंत मोदी ने जयेशभाई ज़ोरदार, मेट्रो और इन दिनों फिल्मों में भी काम किया। वह लाहौर 1847 और तू है मेरी किरण फिल्म में काम कर रहा था। इसने दक्षिण के सुपरस्टार मोहनलाल के साथ L2- इम्पुरान फिल्म में काम किया है।
अहमदाबाद लौटने के बाद उसने अहमदाबाद के कोट इलाके में एक मकान किराए पर लिया और सीरियल ‘मोटी बानी नानी बहू’ में काम करने लगा। कोई हेमंत मोदी को पहचान गया और पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस ने हेमंत पर नज़र रखी और एक दिन जब वह सीरियल की शूटिंग पूरी करके घर लौट रहा था तब उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद उसने सब कबूल कर लिया।
