फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी को फिर धमकी, 20 करोड़ की मांग

 

बॉलीवुड फिल्म निर्माता और निर्देशक रोहित शेट्टी को एक और धमकी भरा फोन कॉल मिला है, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति ने 20 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की है।

यह धमकी शनिवार सुबह रोहित शेट्टी के मोबाइल नंबर पर किए गए फोन कॉल के जरिए दी गई। कॉल करने वाले ने 20 करोड़ रुपये की मांग की और चेतावनी दी कि रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

रोहित शेट्टी की टीम द्वारा दी गई जानकारी के बाद, मुंबई क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी उस मोबाइल नंबर की लोकेशन का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं जिससे धमकी भरा कॉल किया गया था।

कॉल करने वाले की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है और जांचकर्ता यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या इस धमकी का संबंध लॉरेन्स बिश्नोई गैंग से है, जिसका नाम हाल के समय में कई प्रमुख हस्तियों से जुड़े रंगदारी और धमकी के मामलों में सामने आया है।

क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने कहा- जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कॉल कहां से की गई और इसके पीछे कौन व्यक्ति है।

गौरतलब है कि फरवरी में रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर, हास्य कलाकार महमूद चौक के पास, पांच गोलियां चलाई गई थीं।

इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी।

यह फायरिंग बाइक सवार दीपक शर्मा ने की थी, जिसे बाद में आगरा से गिरफ्तार कर लिया गया।

मुंबई क्राइम ब्रांच ने अप्रैल में इस फायरिंग मामले में 1,624 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी। चार्जशीट में 15 आरोपियों के नाम शामिल किए गए थे, जिनमें प्रवीण लोणकर और आरजू बिश्नोई को फरार घोषित किया गया था।

Leave a Comment