शरद कोली
उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना के उपनेता शरद विठ्ठल कोली (37) के खिलाफ सोलापुर ग्रामीण पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। शरद कोली पर महाराष्ट्र झोपड़पट्टीदादा प्रतिबंधक एवं अन्य विघटनकारी गतिविधियों पर रोक लगाने वाले MPDA कानून के तहत कार्रवाई की गई है। इसके तहत उन्हें एक साल के लिए पुणे की येरवडा सेंट्रल जेल भेज दिया गया है।
कुछ दिन पहले एक मामले में फरार चल रहे शरद कोली को पुलिस ने सांगली से हिरासत में लिया था। इसके बाद सोलापुर के जिलाधिकारी एवं जिला दंडाधिकारी के 17 सितंबर 2026 के आदेश के तहत उनकी नजरबंदी की कार्रवाई तय की गई।
रविवार, 4 अक्टूबर को पंढरपुर उप-जिला अस्पताल में शरद कोली की मेडिकल जांच की गई। इसके बाद कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच उन्हें येरवडा सेंट्रल जेल भेज दिया गया।
पंढरपुर तालुका पुलिस के मुताबिक शरद कोली के खिलाफ सोलापुर और आसपास के इलाकों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें रेत चोरी और तस्करी, व्यापारियों और नागरिकों से जबरन वसूली की मांग, सार्वजनिक स्थानों पर भड़काऊ भाषण देकर कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा करना जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक इन गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए महाराष्ट्र झोपड़पट्टीदादा, हाथभट्टी शराब बनाने वालों, मादक पदार्थ अपराधियों, खतरनाक व्यक्तियों, बिना अनुमति दृश्य-श्रव्य सामग्री प्रदर्शित करने वालों, रेत तस्करों और आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी करने वालों की विघटनकारी गतिविधियों पर रोक लगाने संबंधी अधिनियम, 1981 के तहत कार्रवाई की गई है।
